DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

फुटकर कबाड़ी व्यवसायियों की रोजी-रोटी पर संकट, एसपी को सौंपा ज्ञापन

छाया विधायक राकेश यादव के मार्गदर्शन और नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी के नेतृत्व में उठी व्यवसायियों की आवाज

बालोद। शहर एवं ग्रामीण अंचलों में वर्षों से फुटकर कबाड़ी व्यवसाय के माध्यम से अपनी आजीविका चलाने वाले व्यवसायियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। अपनी समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर फुटकर कबाड़ी संघ ने जिला पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चौहान एवं थाना प्रभारी श्री शिशुपाल सिन्हा को ज्ञापन सौंपकर नियमानुसार व्यवसाय संचालित करने की अनुमति देने की मांग की।

फुटकर कबाड़ी व्यवसायियों ने यह ज्ञापन छाया विधायक श्री राकेश यादव के मार्गदर्शन एवं नगर पालिका परिषद बालोद के उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी के नेतृत्व में सौंपा। व्यवसायियों ने बताया कि वे लंबे समय से शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर टूटे-फूटे लोहे, टीन, प्लास्टिक, कागज, एल्युमिनियम, रद्दी पेपर एवं अन्य अनुपयोगी सामग्री की खरीदी करते हैं। इसी व्यवसाय से उनकी और उनके परिवारों की आजीविका चलती है। वर्तमान में इस व्यवसाय को लेकर प्रशासनिक पाबंदियां लगाए जाने से उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

कबाड़ी संघ ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि फुटकर कबाड़ी व्यवसायियों की वास्तविक परिस्थितियों और उनके परिवारों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए उन्हें नियमानुसार व्यवसाय संचालित करने की अनुमति प्रदान की जाए। संघ ने कहा कि वे किसी भी प्रकार की चोरी की सामग्री की खरीदी-बिक्री नहीं करते हैं और पुलिस एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों का पालन करने के लिए तैयार हैं। व्यवसायियों ने आवश्यक होने पर अपनी गतिविधियों को पारदर्शी रखने और प्रशासन के साथ समन्वय करने की बात भी कही।

इस अवसर पर पूर्व सरपंच एवं आदिवासी नेता पालक ठाकुर, पूर्व सदर राजू भाई, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष महेश पाठक, जिला कबाड़ी संघ अध्यक्ष विशाल बक्शी, भैय्या लाल, परदेशी, रामदयाल दास बघेल, कन्हैया देवार, अशोक कुमार, रोहित कुमार सहित बड़ी संख्या में फुटकर कबाड़ी व्यवसायी एवं संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।

फुटकर कबाड़ी व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से सकारात्मक पहल की उम्मीद जताते हुए कहा कि उनके सामने उत्पन्न रोजी-रोटी के संकट का जल्द समाधान किया जाए, ताकि वे नियमों का पालन करते हुए अपना व्यवसाय जारी रख सकें और अपने परिवार का पालन-पोषण सम्मानपूर्वक कर सकें।

You cannot copy content of this page