DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

राजीव गांधी जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के खिलाफ जनअभियान तेज

जिला कांग्रेस की बैठक में घर-घर पहुंचकर आवेदन भरवाने का निर्णय, बिजली बिल हाफ योजना बहाल करने की मांग

बालोद। जिला कांग्रेस कमेटी बालोद द्वारा राजीव भवन में भारत रत्न, आधुनिक भारत के निर्माता एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माणकर्ताओं में प्रमुख रहे। उन्होंने देश को 21वीं सदी की चुनौतियों के लिए तैयार करने का दूरदर्शी प्रयास किया। सूचना क्रांति, दूरसंचार के विस्तार, शिक्षा सुधार, युवाओं को अधिकार तथा पंचायती राज को मजबूत बनाने सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद जिला कांग्रेस की मासिक बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान की समीक्षा की गई। बैठक में बिजली दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के मुद्दे को लेकर कांग्रेस के आगामी जनअभियान की रणनीति पर चर्चा हुई।

पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं डौंडीलोहारा विधायक श्रीमती अनिला भेड़िया ने कहा कि जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली दरों में 30 से 50 पैसे तथा गैर-घरेलू उपभोक्ताओं की दरों में 20 से 40 पैसे की वृद्धि की गई है। कृषि पंप की बिजली दरों में भी 40 पैसे की बढ़ोतरी का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद लगातार पांचवीं बार बिजली की कीमतों में वृद्धि हुई है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर लोगों से आवेदन भरवाने तथा बढ़ी बिजली दरों को वापस लेने, कांग्रेस सरकार की 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः लागू करने और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकने की मांग को लेकर जनसमर्थन जुटाने का आह्वान किया।

गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ा है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों के साथ बिजली दरों में वृद्धि से गरीब, किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और मध्यमवर्गीय परिवार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बिजली बिलों में बढ़ोतरी तथा उपभोक्ताओं की अनुबंधित भार क्षमता बढ़ाए जाने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिजली आंदोलन के साथ स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर पूरे जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा आंदोलन किया जाएगा।

बिजली आंदोलन के जिला प्रभारी एवं रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने स्मार्ट मीटर को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से मनमाने बिजली बिल और तकनीकी गड़बड़ियों से संबंधित शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता की शंकाओं और समस्याओं का समाधान होने तक स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की ओर से भी स्मार्ट मीटर को लेकर व्यवस्था स्पष्ट की गई है और उपभोक्ताओं की सहमति के मुद्दे पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि यदि बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः लागू नहीं की गई और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया बंद नहीं की गई तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर सड़क से सदन तक व्यापक आंदोलन करेगी।

बैठक के समापन अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी के जन्मदिन के अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उन्हें स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।

बैठक में जिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष चन्द्रप्रभा सुधाकर, कृष्णा दुबे, जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष सोना देवी देशलहरा, प्रदेश प्रतिनिधि कोदू राम दिल्लीवार, अनिल लोढ़ा, प्रकाश नाहटा, भोलाराम देशमुख, संतोष पांडे, गिरीश चंद्राकर, कोषाध्यक्ष प्रेमचंद क्षीरसागर, उपाध्यक्ष रामजी भाई पटेल, पुरुषोत्तम पटेल, शीबू नायर, संतु राम पटेल, हस्तीमल सांखला, पूरण लाल साहू, संजय बारले, तामेश्वर साहू, हरीश चंद्राकर, महामंत्री भोजराज साहू, सलीम खान, चुकेश्वर साहू, जीतेन्द्र यादव, रवि जायसवाल, धीरज उपाध्याय, शंभू साहू, मेघनाथ साहू, रश्मि दुबे, ललिता भूआर्य, केशव शर्मा, बसंती दुग्गा, युवराज साहू, प्रवक्ता यज्ञदेव पटेल, मोंटू चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page