DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

175वें सप्ताह भी जारी रहा स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का अभियान: पौधारोपण, स्वच्छता और जल संरक्षण का दिया संदेश

शिवनाथ नदी घाट से लेकर मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों तक चलाया सफाई अभियान, गाजर घास उन्मूलन और पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को किया जागरूक

बालोद/दुर्ग। स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ ने अपने लगातार 175वें साप्ताहिक अभियान के तहत पौधारोपण, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं गाजर घास उन्मूलन अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया। संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में समिति के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों पर पर्यावरण संरक्षण के लिए श्रमदान किया।

अभियान के दौरान शिवनाथ नदी घाट एवं मुक्तिधाम गार्डन दुर्ग में सफाई कर नदी और परिसर से प्लास्टिक, झिल्ली, गुटखा पाउच, पानी की बोतलें, डिस्पोजल, दोना-पत्तल, शराब की बोतलें तथा अन्य कचरा एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया गया। इसके साथ ही गाजर घास को जड़ से उखाड़कर नष्ट किया गया तथा पूर्व में लगाए गए पौधों की निराई-गुड़ाई कर उनकी देखभाल की गई।

समिति के सदस्यों ने हुडको भिलाई नगर में घरों के आसपास नालियों की सफाई की तथा सेक्टर-4, सड़क नंबर-1 में छायादार, फलदार एवं फूलदार पौधों का रोपण किया। वहीं शिव पार्वती धाम बालोद, शिव मंदिर महाकाल सुरेगांव, शिव दुर्गा मंदिर भिलाई, कपिश्वर धाम भिलाई तथा ग्राम अंजोरा दुर्ग में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, पौधारोपण, नशामुक्ति एवं गाजर घास उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया। समिति ने बैनर, स्लोगन और नारों के माध्यम से लोगों से सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों, नदी और तालाबों को स्वच्छ रखने की अपील की।

संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि समिति पिछले पांच वर्षों से लगातार जनजागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने नगर निगम से नदी घाटों पर एकत्रित कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित करने तथा तालाबों में पूजा सामग्री विसर्जन के लिए अलग कुंड बनाने की मांग भी दोहराई। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे कम से कम पूजन सामग्री का उपयोग करें ताकि नदियों और तालाबों में गंदगी न फैले।

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या श्रीमती थनेश्वरी हरदेल ने कहा कि स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति स्वयं श्रमदान कर समाज को स्वच्छता, जल संरक्षण, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति एवं गाजर घास उन्मूलन के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।

इनकी रही सहभागिता

इस अभियान में प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या श्रीमती थनेश्वरी हरदेल, टीनल हरदेल, नरेंद्र देशमुख, महेंद्र यादव, चितरंजन दुर्गा देशमुख, कार्तिक राम चंद्राकर, डेरहा देशमुख (सुरेगांव), टिकेंद्र हरदेल (बालोद), भागीरथी सिन्हा, गौरव यादव, नीलम यादव, चैतराम यादव, वामन कुमार यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

You cannot copy content of this page