
गुरुर ब्लॉक के भानपुरी गांव में अनोखी घटना, जमीन धंसने की वजह तलाशने में जुटा प्रशासन
बालोद। जिले के गुरुर ब्लॉक के भानपुरी गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच एक किसान के खेत की जमीन अचानक धंसने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि किसान खेलन साहू के खेत में लगभग 30 फीट गहरा गड्ढा बन गया है और इसकी गहराई लगातार बढ़ती जा रही है। घटना के बाद राजस्व एवं कृषि विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।
ग्राम सरपंच डाकेश साहू ने बताया कि सूचना मिलने पर पटवारी और कृषि विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जमीन किस कारण धंसी है।

उन्होंने बताया कि करीब 25 वर्ष पहले उक्त स्थान पर एक केसिंग बोर कराया गया था, जिसकी पाइप जमीन से लगभग 6 फीट ऊपर दिखाई देती थी। जमीन धंसने के बाद वह पाइप भी पूरी तरह जमीन के भीतर समा गई है और अब दिखाई नहीं दे रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना से एक दिन पहले ही खेत में ट्रैक्टर से मताई (जुताई) का कार्य किया गया था। इसके बाद लगातार हो रही बारिश के बीच अचानक जमीन धंस गई।
ग्रामीणों का कहना है कि गड्ढे की गहराई धीरे-धीरे बढ़ रही है, जिससे आसपास के क्षेत्र में भी खतरे की आशंका बनी हुई है। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और जमीन धंसने के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं एहतियात के तौर पर ग्रामीणों को घटना स्थल से दूर रहने की सलाह दी गई है।













