कुसुमकसा। भारतीय नौसेना में प्रशिक्षण पूर्ण कर पहली बार अपने गृह ग्राम कुसुमकसा लौटे युवा सैनिक प्रदीप सिवना का ग्रामीणों ने उत्साह और गौरव के साथ भव्य स्वागत किया। पूरे गांव में ढोल-नगाड़ों, भारत माता के जयघोष और पुष्पवर्षा के बीच वीर सपूत का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा और बच्चे मौजूद रहे।

प्रदीप सिवना के गांव पहुंचते ही महिलाओं ने आरती उतारकर तिलक लगाया। इसके बाद जुलूस के रूप में उन्हें गांव के मुख्य मार्ग से उनके निवास तक ले जाया गया। सफेद नेवी यूनिफॉर्म में पहुंचे प्रदीप का जगह-जगह पुष्पहार पहनाकर, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। स्वागत समारोह में विशेष अतिथि संतोष जैन, शमशेर खान, पुष्पजीत बैस एवं जावेद खान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस ने कहा कि प्रदीप सिवना ने अपने माता-पिता के साथ-साथ पूरे कुसुमकसा और डौंडी क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे युवा देश की असली ताकत हैं और उनकी सफलता अन्य युवाओं को भी सेना में भर्ती होकर राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगी।
विशिष्ट अतिथि एवं एलआईसी अभिकर्ता तथा समाजसेवी गौरी शंकर साहू ने कहा कि भारत माता के वीर सपूत का सम्मान करना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने युवाओं से देशसेवा की भावना अपनाने का आह्वान करते हुए प्रदीप के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में सरपंच, पंच, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने इसे गांव के लिए गौरवपूर्ण पल बताया। प्रदीप के पिता ने कहा कि बेटे ने कठिन परिश्रम और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है।
कार्यक्रम का संचालन ग्राम के कोषाध्यक्ष जगन्नाथ सिवना ने किया तथा आभार प्रदर्शन युवा समिति के अध्यक्ष ने व्यक्त किया। समारोह के समापन पर सभी ने एक स्वर में “हमको है अभिमान, देश का वीर जवान” का उद्घोष कर देशभक्ति का संदेश दिया।











Leave a Reply