बूथ सशक्तिकरण, डिजिटल प्रशिक्षण और संगठन विस्तार पर दिया जोर, कार्यकर्ताओं से जन-जन तक योजनाएं पहुंचाने का आह्वान

डौंडीलोहारा। भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद के निर्देश पर भाजपा मंडल डौंडीलोहारा के तत्वावधान में विधानसभा स्तरीय अपेक्षित श्रेणी कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधानसभा प्रभारी चंदूलाल साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व स्तर पर नई पहचान बना रहा है और अनेक देशों के साथ भारत के संबंध मजबूत हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को बूथ स्तर तक पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ें।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत कार्यकर्ता लोगों को डिजिटल प्रशिक्षण देकर प्रमाण-पत्र दिलाएं। साथ ही भाजपा के निर्धारित छह प्रमुख कार्यक्रमों को बूथ से लेकर मंडल स्तर तक अनिवार्य रूप से आयोजित करें तथा प्रत्येक बूथ पर संगठनात्मक गतिविधियों के लिए एक रजिस्टर भी रखें।
चंदूलाल साहू ने विधानसभा के पांचों मंडल अध्यक्षों से संगठन द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा की और कहा कि यदि कार्यकर्ता अभी से पूरी मेहनत और समर्पण के साथ लोगों को भाजपा से जोड़ेंगे तो आगामी विधानसभा चुनाव में डौंडीलोहारा विधानसभा में भाजपा निश्चित रूप से विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने सम्मेलन के अंत में कार्यकर्ताओं की समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नोहरू राम निषाद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद डौंडीलोहारा विधानसभा में भाजपा विधायक नहीं होने के कारण कई योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
जिला प्रभारी संध्या परगनिया ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बालोद जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा विजय हासिल करेगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश भाजपा के प्रीतम साहू, पूर्व विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, जिला महामंत्री सौरभ लूनिया, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री शीतल नायक, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश महामंत्री देवेंद्र महाला, होरीलाल रावटे, जिला कोषाध्यक्ष हरीश कटझरे, सह-कोषाध्यक्ष मनीष झा, मंडल प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष टीनेश्वर बघेल, जिला मंत्री सोमेश सोरी, श्याम जायसवाल, देवेंद्र जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा, उत्तरा घरेंद्र, योगेंद्र सिन्हा, रुपेश नायक, दल्ली राजहरा नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू, डौंडीलोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष लाल निवेंद्र सिंह टेकाम, जनपद उपाध्यक्ष जयलाल मालेकर, डौंडी नगर पंचायत अध्यक्ष कुलेश्वरी चोरका, जनपद अध्यक्ष मुकेश कौड़ो, मंडल महामंत्री सुमेंद्र देशमुख, दुष्यंत गिरी गोस्वामी, मंडल उपाध्यक्ष संदीप जैन सहित अपेक्षित श्रेणी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के पश्चात विधानसभा प्रभारी चंदूलाल साहू भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा के निवास पहुंचे, जहां मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान नगर पंचायत उपाध्यक्ष नेहा उपाध्याय, एल्डरमैन धीरेंद्र टॉक, लता गुप्ता, जीवराखन कौमार्य, पार्षद रेवती कोलियारे, शिवानी भंसाली, वीर सिंह ठाकुर, दिलीप बाफना, धीरेन टॉक, मीडिया प्रभारी प्रीतम साहू सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











