DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

घनी आबादी और स्कूल के बीच प्रस्तावित मोबाइल टावर का विरोध तेज

बालोद, 07 जुलाई। नगर पालिका परिषद बालोद के वार्ड क्रमांक 01 पाररास में घनी आबादी एवं विद्यालय के समीप प्रस्तावित मोबाइल टावर की स्थापना का विरोध तेज हो गया है। क्षेत्रवासियों ने पार्षद प्रतिनिधि ईश्वर साहू के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को सामूहिक ज्ञापन सौंपकर जनहित में प्रस्तावित मोबाइल टावर के निर्माण एवं स्थापना पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि जिस स्थान पर मोबाइल टावर स्थापित किया जा रहा है, वह घनी आबादी और विद्यालय के अत्यंत निकट स्थित है। इससे स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों एवं आसपास रहने वाले परिवारों की सुरक्षा तथा जनहित को लेकर लोगों में गंभीर चिंता व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित स्थल पर मोबाइल टावर की स्थापना तत्काल रोकी जाए तथा आवश्यकता होने पर किसी वैकल्पिक स्थान का चयन किया जाए।

पार्षद प्रतिनिधि ईश्वर साहू ने कहा कि क्षेत्र की जनता की भावनाओं की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन करेंगे।

विजय कुमार (ब्यूरो चीफ, आराधना न्यूज़) ने कहा कि यह मामला केवल एक वार्ड का नहीं, बल्कि जनहित और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। प्रशासन को स्थानीय लोगों की आपत्तियों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष निर्णय लेना चाहिए।

जनसेवक रितेश कुमार ने कहा कि घनी आबादी और विद्यालय के समीप मोबाइल टावर स्थापित किए जाने को लेकर लोगों में लगातार चिंता बनी हुई है। प्रशासन को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए तत्काल उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

योगेश्वर जी ने कहा कि क्षेत्र की जनता अपनी मांग को लेकर पूरी तरह एकजुट है। यदि प्रशासन ने समय रहते जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उचित निर्णय नहीं लिया, तो क्षेत्रवासी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर चक्का जाम कर अपना विरोध दर्ज कराने के लिए भी बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस संबंध में सौंपे गए ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन विभाग, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, तहसीलदार एवं थाना प्रभारी बालोद को भी भेजी गई है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जनहित में शीघ्र निर्णय लेकर प्रस्तावित मोबाइल टावर के निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।

You cannot copy content of this page