सृजन, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का संगम: शासकीय महाविद्यालय अर्जुंदा में “सृजन स्वरोजगार एवं आनंद मेला” का भव्य आयोजन



बालोद/अर्जुंदा। शहीद दुर्वासा निषाद शासकीय महाविद्यालय अर्जुंदा, जिला बालोद में “सृजन स्वरोजगार एवं आनंद मेला” का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में स्वरोजगार की भावना विकसित करना, उनके व्यावसायिक कौशल को प्रोत्साहित करना तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं सौभाग्य महिला स्वसहायता समूह द्वारा विभिन्न प्रकार के स्वरोजगार आधारित स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों में हस्तनिर्मित वस्तुएं, खाद्य सामग्री जैसे बड़ी, पापड़, आचार, हर्बल गुलाल, सजावटी सामग्री, पारंपरिक कला उत्पाद जैसे मंडला कला, टिकुली कला एवं रेजिन कला सहित दैनिक उपयोगी सामग्री का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। इस मेले ने विद्यार्थियों को अपनी सृजनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ व्यावसायिक व्यवहार, विपणन कौशल एवं प्रबंधन क्षमता का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सोमाली गुप्ता ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि कौशल, सृजनात्मकता एवं उद्यमिता का विकास भी आवश्यक है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता एवं नवाचार की भावना विकसित करते हैं तथा उन्हें “सीखते हुए कमाने” की अवधारणा से जोड़ते हैं।

उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा में निहित कर्मयोग एवं स्वावलंबन की भावना को आत्मसात करने पर बल देते हुए विद्यार्थियों को समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष सूर्यकांत गजेंद्र, सदस्य आलोक तिवारी एवं मनीष ठाकुर सहित महाविद्यालय परिवार, प्राध्यापक एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी की सक्रिय सहभागिता से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन हुआ और उन्हें अपने उत्पादों के प्रति सकारात्मक प्रतिसाद प्राप्त हुआ।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ 📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page