मालीघोरी से गायब हुई धान भरी ट्रक का खुलासा, दमकसा में मिला राज — पुलिस की बड़ी कार्रवाई,GPS तोड़कर, बारदाना बदलकर किया धान पार! बालोद पुलिस ने खोला चोरी का पूरा खेल
बालोद। पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में बालोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मालीघोरी से 900 कट्टा धान से भरी ट्रक चोरी कर दमकसा में छोड़कर 280 कट्टा शासकीय धान चोरी करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 179 कट्टा धान, घटना में प्रयुक्त ट्रक और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
मालीघोरी से चोरी, दमकसा में छोड़ी ट्रक
घटना 16 जनवरी 2026 की है, जब 900 कट्टा धान से भरा ट्रक क्रमांक सीजी 08 एवी 1711 ग्राम मालीघोरी से अज्ञात व्यक्ति द्वारा ले जाया गया और दमकसा बड़भूम में छोड़ दिया गया। ट्रक से 280 कट्टा धान चोरी कर लिया गया था। मामले में थाना बालोद में अपराध क्रमांक 28/2026 धारा 316(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी से मिला सुराग
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के निर्देशन और एसडीओपी बालोद श्री बोनीफास एक्का के पर्यवेक्षण में साइबर सेल बालोद और थाना बालोद की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेहियों की पहचान कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
किस्त के दबाव में बनाई चोरी की योजना
मुख्य आरोपी नेतराम देवांगन ने पूछताछ में बताया कि उसके पास दो ट्रक हैं और किस्त नहीं पटाने के कारण फायनेंस कंपनी के लोग लगातार घर आ रहे थे। किस्त चुकाने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मालीघोरी धर्मकांटा के पास खड़ी धान से भरी ट्रक को चोरी करने की योजना बनाई। तीन दिन तक रेकी करने के बाद चारों आरोपी घटना के दिन ट्रक के पास पहुंचे। ट्रक में चाबी लगी होने से दो आरोपी ट्रक लेकर झलमला और रानीमाई होते हुए दमकसा पहुंच गए।
280 कट्टा धान उतारकर अपने ट्रक में किया लोड
आरोपियों ने चोरी की ट्रक से 900 कट्टा धान में से 280 कट्टा धान अपने ट्रक क्रमांक सीजी 08 ए क्यू 7884 में लोड किया और ससुराल ग्राम कंगलूटोला ले गए। शासकीय बारदाना होने के कारण धान को सरकारी बोरों से निकालकर लोकल बोरा में भर दिया और सरकारी बारदाना रास्ते में फेंक दिया। साथ ही ट्रक में लगा जीपीएस भी तोड़कर फेंक दिया था।
179 कट्टा धान, ट्रक और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 179 कट्टा चोरी का धान, घटना में प्रयुक्त ट्रक और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- नेतराम देवांगन पिता देवलाल देवांगन, उम्र 37 वर्ष, ग्राम कोरगुडा बालोद
- काशीराम देवांगन पिता शंकर लाल देवांगन, उम्र 32 वर्ष, ग्राम कोरगुडा बालोद
- तरुण उर्वसा उर्फ लल्ला पिता यशवंत, उम्र 25 वर्ष, ग्राम कोरगुडा बालोद
- धमेंद्र धनकर पिता रूमलाल, उम्र 27 वर्ष, ग्राम कोरगुडा बालोद
इनकी रही विशेष भूमिका
उक्त प्रकरण में आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी और सामान बरामदगी में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सउनि धरम भूआर्य, प्रधान आरक्षक योगेश सिन्हा, आरक्षक भोप सिंह साहू, विपिन गुप्ता, आकाश दूबे, पूरन देवांगन, गुलझारी साहू और मोहन कोकिला का विशेष योगदान रहा। जिले की एक और बड़ी खबर पढ़िए नीचे लिंक हेडिंग पर क्लिक कर।
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़
