DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

महिला कमांडो का अभियान-जिले में 10000 बालिकाओं को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य लेकर निकली, गुरुर के फागुनदाह हायर सेकेंडरी स्कूल से हुई शुरुआत

बालोद/गुरुर | बालोद जिले में बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए महिला कमांडो ने कमर कस ली है। इन्होंने बालिकाओं की मदद पहुंचाने एक अभिनव पहल शुरू की है। इसके तहत महिला कमांडो गांव में पहुंचकर दानदाताओं को प्रेरित कर कॉपी, पेन , बैग, कंपास बॉक्स व 300 रुपए की सहयोग राशि जुटा कर गरीब छात्राओं की मदद कर रही हैं। गुरुर ब्लॉक के ग्राम फागुनदाह से इस अभियान की शुरुआत भी हो गई है। बालोद जिला स्थित महिला कमांडो जो हमेशा से नए-नए अभिनव प्रयोग के लिए जानी जाती हैं। उनके द्वारा फिर से एक नई पहल शुरू की गई है। इस पहल से एक तरफ जहां बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित किया जा रहा है वही गरीब छात्राओं की मदद भी की जा रही है। इस पहल की सर्वत्र प्रशंसा की जा रही है। इसकी विशेषता यह है कि इस पहल से बालोद जिले की उप पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर भी जुड़ गई है और उनके द्वारा दो बच्चों को मदद पहुंचाई गई है। महिला कमांडो गांव में पहुंचकर गांव के संभ्रांत व संपन्न लोगों से संपर्क कर बालिकाओं को मदद करने पर उत्साहित करती हैं। वे कहती है कि किस तरह से बालिकाओं को मदद कर हम बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित कर सकते हैं। उनके द्वारा दी गई सामग्री एवं दान राशि को ग्राम स्तर पर स्कूल में जाकर दानदाताओं के हाथों शिक्षकों की उपस्थिति में छात्राओं को वितरण करवा रही हैं। महिला कमांडो की प्रमुख पद्मश्री शमशाद बेगम ने बताया कि इस शिक्षण सत्र में 10,000 बालिकाओं को इसी तरह से लाभ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस उद्देश्य से एकता भाईचारा को बढ़ावा मिलेगा तथा शिक्षा के प्रति बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि डीएसपी नवनीत कौर द्वारा दो बालिकाओं के लिए 600 रुपए प्रदान किया गया है। इसकी शुरुआत कर दी गई है। डीएसपी नवनीत कौर द्वारा दी गई राशि से जेवर तला एवं सांगली ग्राम की बालिकाओं को राशि प्रदान कर प्रेरित किया जा चुका है।
कई गांव में पहुंच चुकी है महिला कमांडो
अभी तक इस पहल को लेकर ग्राम बोरी, दनिया, कोटगांव, फागुन दाह आदि गांव में महिला कमांडो पहुंचकर अपने लक्ष्य को साधने अभियान शुरू कर दी है। अभी तक 150 से अधिक बालिकाओं को गांव के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। दानदाताओं से दी गई राशि से उन्हें लाभान्वित किया जा चुका है। इसकी शुरुआत बीते दिनों फागुनदाह स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में 20 बालिकाओं को मदद पहुंचा कर की गई। यहां की महिला कमांडो निलेश्वरी ने बताया कि इस कार्य को कर कर उन्हें बहुत संतुष्टि मिल रही है।
कलेक्टर ने की महिला कमांडो की पहल की सराहना
इस अभिनव पहल को लेकर महिला कमांडो द्वारा कलेक्टर से मुलाकात कर इसकी विस्तृत जानकारी दी गई। महिला कमांडो की इस पहल की सराहना करते हुए कलेक्टर जन्मेजय ने महिला कमांडो को प्रोत्साहित किया। साथ ही कहा कि महिला कमांडो का कार्य निश्चित रूप से अनुकरणीय है। समाज में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में शासन की एक तरह से मदद ही कर रही है। ऐसे कार्य का पूरे समाज को स्वागत करना चाहिए।
राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भी निभाती है भागीदारी
ज्ञात हो कि बालोद जिले की महिला कमांडो ना केवल सामाजिक उत्तरदायित्व बल्कि राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भी हिस्सेदारी देकर अपनी भूमिका निभाती है। चाहे वह पल्स पोलियो अभियान हो चाहे टीकाकरण अभियान हो या फिर कोरोना को लेकर चलाए गए विभिन्न अभियान हो, हर अभियान में महिला कमांडो ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया है। टीकाकरण में तो महिला कमांडो ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों को टीका का महत्व बताते हुए विशेष भूमिका निभाई है।
“बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु सरकार बहुत कुछ कर रही है। इसमें जनभागीदारी शामिल हो रही है तो बालिकाओं का उत्साह बहुत बढ़ रहा है। यह प्रयास लगातार जारी है। बालोद जिला में सफलता के साथ दुर्ग, बेमेतरा, धमतरी जिला में भी प्रयास किया जाएगा।-
शमशाद बेगम
प्रमुख महिला कमांडो एवं पद्मश्री

You cannot copy content of this page