बालोद। भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क-स्टोर कीपर टेक्निकल तथा ट्रेडमेन पदों पर भर्ती की जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार भर्ती रैली को सफल बनाने के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र बालोद द्वारा व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके तहत प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ-साथ शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों को भारतीय सेना में सेवा के अवसर और भर्ती प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
इसके अलावा शासकीय कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों में फ्लैक्स एवं बैनर के माध्यम से भी प्रचार किया जा रहा है। वहीं इंस्टाग्राम, फेसबुक और ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भी युवाओं तक भर्ती से जुड़ी जानकारी पहुंचाई जा रही है। उल्लेखनीय है कि पूरे प्रदेश में अब तक सबसे अधिक अभ्यर्थियों ने बालोद जिले से पंजीयन कराया है, जिससे युवाओं में भर्ती को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि भर्ती रैली में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं और 12वीं निर्धारित की गई है। साथ ही अभ्यर्थियों की जन्म तिथि 1 जुलाई 2005 से 1 जुलाई 2009 के बीच होना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थियों को https://joinindianarmy.nic.in/ वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन करना होगा।
उन्होंने बताया कि सिपाही (फार्मा) पद के लिए अविवाहित पुरुष अभ्यर्थियों की आयु 1 जुलाई 2002 से 1 जनवरी 2008 के बीच होना आवश्यक है। भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) 1 जून से 10 जून 2026 के बीच आयोजित होने की संभावना है।
इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के दूरभाष क्रमांक 0771-2965212, 0771-2965214 अथवा जिला रोजगार कार्यालय बालोद के दूरभाष क्रमांक 07749-299509 पर संपर्क किया जा सकता है।
