छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने लगाए पौधे, हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प
डौण्डीलोहारा। बालोद जिले में संचालित वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेंगाडबरी में गुरुवार 30 जुलाई 2026 को उत्साहपूर्वक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पौधारोपण के दौरान विद्यार्थियों ने “एक छात्र-एक पेड़” अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी वचन दिया। विद्यालय परिसर में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से सभी ने सामूहिक रूप से पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि “वृक्ष ही जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल भी करनी चाहिए।” उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण की फोटो एवं सेल्फी निर्धारित पोर्टल पर अपलोड कर अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और जागरूक करने का भी प्रयास किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
संवाददाता : नेमन साहू, रेंगाडबरी












