DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जनहित के मुद्दों को लेकर कलेक्टर से मिले जनप्रतिनिधि, बिजली बिल, जिला अस्पताल और नगर पालिका व्यवस्था सुधारने की उठाई मांग

बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच, गर्भवती महिलाओं को अनावश्यक रेफर करने पर कार्रवाई और स्वर्गरथ व कचरा वाहनों की मरम्मत की मांग

बालोद। नगर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आम नागरिकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बढ़े हुए बिजली बिल, जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं तथा नगर पालिका के स्वर्गरथ एवं कचरा संग्रहण वाहनों की जर्जर स्थिति जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे।

ज्ञापन में बताया गया कि नए बिजली मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे आम लोगों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यकता अनुसार पुराने बिजली मीटर लगाने अथवा उचित समाधान सुनिश्चित करने की मांग की गई।

स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में कहा गया कि जिला अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद गर्भवती महिलाओं को अनावश्यक रूप से निजी अस्पतालों में रेफर किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इस मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा जिला अस्पताल में ही बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।

इसके अलावा नगर पालिका के स्वर्गरथ एवं कचरा संग्रहण वाहनों की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि वाहनों की खराब स्थिति के कारण अंतिम संस्कार सेवाओं और सफाई व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसलिए इन वाहनों की शीघ्र मरम्मत कर नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए।

ज्ञापन सौंपने वाले जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे आम नागरिकों से जुड़े हर मुद्दे को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाते रहेंगे। उन्होंने कलेक्टर से सभी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस दौरान नगर पालिका परिषद वालोद की नेता प्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी,पार्षद सुनील मालेकर, बंटी शर्मा,निर्देश पटेल, सुमित शर्मा, रीता सोनी,किरण साहू उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page