DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

लोकसभा में लोक परीक्षा संशोधन विधेयक पारित, युवाओं के हित में ऐतिहासिक कदम: संध्या परगनिया

परीक्षा माफिया, पेपर लीक और नकल गिरोह पर कसेगा शिकंजा, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत: भाजपा

बालोद। भारतीय जनता पार्टी की जिला प्रभारी श्रीमती संध्या परगनिया ने लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 के पारित होने का स्वागत करते हुए इसे देश के करोड़ों युवाओं के सुरक्षित भविष्य, ईमानदार प्रतिभा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के सपनों, उनकी मेहनत और उनके भविष्य की रक्षा के लिए लगातार प्रभावी निर्णय ले रही है और यह संशोधन उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

श्रीमती परगनिया ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं करोड़ों युवाओं की वर्षों की मेहनत, आशाओं और विश्वास का आधार होती हैं। प्रश्नपत्र लीक, नकल माफिया और संगठित परीक्षा अपराध जैसी घटनाएं न केवल योग्य अभ्यर्थियों के साथ अन्याय करती हैं, बल्कि पूरे परीक्षा तंत्र की विश्वसनीयता को भी प्रभावित करती हैं। ऐसे अपराधों पर कठोर और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लाया गया यह संशोधन परीक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाएगा।

उन्होंने कहा कि संशोधन विधेयक के माध्यम से परीक्षा संबंधी अपराधों के विरुद्ध दंडात्मक प्रावधानों को और अधिक कठोर बनाया गया है। इससे परीक्षा माफिया, संगठित आपराधिक गिरोहों तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई का मार्ग और सशक्त होगा। साथ ही परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों एवं सेवा प्रदाताओं की जवाबदेही भी बढ़ेगी, जिससे पूरी परीक्षा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और विश्वसनीय बनेगी।

भाजपा जिला प्रभारी ने कहा कि केंद्र सरकार ने नई शिक्षा नीति, कौशल विकास, रोजगार सृजन, डिजिटल पारदर्शिता और अब परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित एवं निष्पक्ष बनाने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। यह संशोधन प्रतिभाशाली और मेहनती युवाओं का विश्वास और मजबूत करेगा तथा निष्पक्ष चयन प्रक्रिया को नई मजबूती प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है, जब युवाओं को उनकी योग्यता और परिश्रम के अनुरूप निष्पक्ष अवसर मिलें। यह संशोधन ईमानदार प्रतिभा को संरक्षण देने और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं पर कठोर प्रहार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

— कमल पनपालिया
मीडिया प्रभारी
भारतीय जनता पार्टी, जिला बालोद

You cannot copy content of this page