DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मंगचुवा में संत शिरोमणि रविदास समाज ने श्रद्धा और उल्लास से मनाया गुरु पूर्णिमा महोत्सव

हवन-पूजन, आरती और प्रसाद वितरण के साथ समाज में एकता व सद्भाव का दिया संदेश

डौण्डी लोहारा। विकासखंड डौण्डी लोहारा के मंगचुवा में बुधवार को संत शिरोमणि रविदास समाज द्वारा गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु पूजन, दीप प्रज्ज्वलन, विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया तथा विश्व शांति, सुख-समृद्धि और मानव कल्याण की कामना की गई।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के जीवन, उनके आदर्शों एवं सामाजिक समरसता के संदेश पर प्रकाश डालते हुए सभी से उनके बताए सत्य, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, एकता और ऊंच-नीच के भेदभाव को समाप्त कर संगठित होकर समाज के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर गुरु उपाध्यक्ष भांडेकर, दिलीप भांडेकर, तपसीराम भांडेकर, भरत भांडेकर, विक्रम भांडेकर, रोहित टंडेकर, राकेश टंडेकर, गजेन्द्र कुमार, अजेन्द्र कुमार, अवनत, जगन्नाथ एवं किशोर टंडेकर सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। महिला संगठन की ओर से लक्ष्मी टंडेकर, रेशमा, कल्याणी, धनेश्वरी, पूजा एवं अंजना सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और ग्रामीणजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के समापन पर समाज की उन्नति, क्षेत्र की खुशहाली एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की प्रार्थना की गई। पूरे आयोजन में श्रद्धा, अनुशासन और सामाजिक एकता का भाव देखने को मिला।

– नेमन साहू, रेंगाडबरी

You cannot copy content of this page