जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी ने तालाब किनारे किया पौधरोपण, मुक्तिधाम में लगाए गए पौधों का भी किया निरीक्षण
बालोद, 30 जुलाई। जिले में चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत गुरुवार को ग्राम पंचायत तरौद में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुनील चंद्रवंशी ने ग्राम के तालाब किनारे पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत तरौद स्थित सीएलएफ द्वारा मुक्तिधाम में किए गए वृक्षारोपण कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई एवं संरक्षण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा संबंधित अधिकारियों और महिला समूहों को पौधों की बेहतर देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत बालोद के सीईओ जे.एस. राजपूत, एपीओ वीबी जी रामजी, जनपद पंचायत सदस्य महेश्वरी ठाकुर, ग्राम पंचायत तरौद के सरपंच धर्मेंद्र रामटेके, करारोपण अधिकारी सी.पी. यदु, बिहान के बीपीएम भारतेंद्र नेताम, महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर रेखा देवांगन, पीआरपी भूमि क्लस्टर सुनीता खूंटे, बिहान महिला समूह की सदस्याएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ पौधरोपण किया। वक्ताओं ने कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सतत जिम्मेदारी है। अभियान के माध्यम से जिले में हरियाली बढ़ाने और जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।













