धमतरी पुलिस चला रही जागरूकता अभियान, ‘राहवीर (गुड समेरिटन) योजना’ की दी जा रही जानकारी
धमतरी, 30 जुलाई। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की समय पर मदद सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक लोगों को मानवता के इस कार्य के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा जिलेभर में ‘राहवीर (गुड समेरिटन) योजना’ के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता अभियान का संचालन किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत आम नागरिकों, वाहन चालकों, युवाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों, ग्रामीणों एवं सामाजिक संगठनों को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की तत्काल सहायता करने तथा केंद्र सरकार की राहवीर योजना एवं गुड समेरिटन कानून की जानकारी दी जा रही है।
धमतरी पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा, जिसे ‘गोल्डन ऑवर’ कहा जाता है, सबसे महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान यदि घायल व्यक्ति को समय पर प्राथमिक उपचार एवं अस्पताल पहुंचा दिया जाए तो उसकी जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। इसलिए दुर्घटना देखने वाले प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है कि वह मूकदर्शक बनने के बजाय मानवता का परिचय देते हुए घायल की तत्काल सहायता करे।
पुलिस के अनुसार राहवीर (गुड समेरिटन) वह व्यक्ति होता है जो बिना किसी स्वार्थ या लाभ की अपेक्षा किए सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने अथवा प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने में मदद करता है। मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम, 2019 के तहत लागू गुड समेरिटन कानून ऐसे मददगार नागरिकों को पूर्ण कानूनी सुरक्षा प्रदान करता है। सहायता करने वाले व्यक्ति को अनावश्यक पुलिस या न्यायिक प्रक्रिया का सामना नहीं करना पड़ता तथा उसकी व्यक्तिगत जानकारी भी उसकी इच्छा के बिना सार्वजनिक नहीं की जा सकती।
अभियान के दौरान लोगों को यह भी बताया जा रहा है कि यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, तो भारत सरकार द्वारा उसे ₹25,000 का नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। इसके अलावा वर्षभर में चयनित सर्वश्रेष्ठ राहवीरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करते हुए ₹1 लाख तक के विशेष पुरस्कार का भी प्रावधान है।
धमतरी पुलिस नागरिकों से अपील कर रही है कि सड़क दुर्घटना होने पर तुरंत 112, 108 एम्बुलेंस सेवा अथवा निकटतम पुलिस थाना को सूचना दें, घायल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में सहयोग करें और यथाशीघ्र अस्पताल तक पहुंचाने का प्रयास करें। आपकी समय पर की गई छोटी-सी मदद किसी परिवार की खुशियां बचा सकती है।
धमतरी पुलिस द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, बस स्टैंड, बाजार, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों एवं यातायात जांच प्वाइंटों पर पंपलेट वितरण, पोस्टर, जनसंवाद और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से राहवीर योजना का लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने जिलेवासियों से आह्वान किया है कि सड़क दुर्घटना देखकर मूकदर्शक न बनें, बल्कि आगे बढ़कर घायल की मदद करें। आपकी संवेदनशीलता किसी अनमोल जीवन को बचा सकती है।












