DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बारिश ने छीनी बच्चों की पढ़ाई: जर्जर स्कूल भवन और अधूरे पुल ने बढ़ाई मुश्किलें

बरही में दो पालियों में लगेंगी कक्षाएं, बरही-बरहीपारा मार्ग बंद होने से छात्र-शिक्षक आवागमन ठप

बालोद। लगातार हो रही भारी बारिश ने बालोद विकासखंड के बरही क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर असर डाल दिया है। एक ओर शासकीय प्राइमरी विद अपर प्राइमरी स्कूल बरही का भवन जर्जर होने के कारण कक्षाओं की छत और दीवारों से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है, वहीं दूसरी ओर बरही से बरहीपारा जाने वाला मार्ग निर्माणाधीन पुल अधूरा होने के कारण पूरी तरह बंद हो गया है। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार प्राथमिक शाला भवन की छत एवं दीवारों से बारिश का पानी टपकने के कारण किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शाला प्रबंधन समिति ने विद्यालय का संचालन फिलहाल दो पालियों में करने का निर्णय लिया है। इसके तहत कक्षा पहली से पांचवीं तक की पढ़ाई सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा कक्षा छठवीं से आठवीं तक की पढ़ाई दोपहर 12:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित की जाएगी।

इधर लगातार बारिश के बीच बरही से बरहीपारा जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार निर्माणाधीन पुल अब तक पूरा नहीं होने के कारण बारिश में आवागमन ठप हो गया है। हालात ऐसे हैं कि बरहीपारा के बच्चे बरही और अन्य स्थानों पर पढ़ाई के लिए नहीं पहुंच पा रहे हैं, वहीं शिक्षक भी बरहीपारा तक नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए पुल का निर्माण अब बारिश समाप्त होने से पहले पूरा होना मुश्किल दिखाई दे रहा है।

ग्रामीणों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए जर्जर विद्यालय भवन की तत्काल मरम्मत अथवा वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। साथ ही निर्माणाधीन पुल का कार्य तेजी से पूरा कर आवागमन जल्द बहाल किया जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो और ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके।

You cannot copy content of this page