कई वर्षों से डॉक्टर का पद रिक्त, छह माह से दवाइयों की आपूर्ति भी बंद, वनांचल के हजारों ग्रामीण परेशान
डौण्डीलोहारा। वनांचल क्षेत्र के ग्राम रेंगाडबरी स्थित आयुर्वेद औषधालय में वर्षों से डॉक्टर की पदस्थापना नहीं होने और पिछले छह माह से दवाइयों की आपूर्ति बंद रहने से ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने जिला आयुर्वेद अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र डॉक्टर की नियुक्ति एवं नियमित दवा उपलब्ध कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि रेंगाडबरी आयुर्वेद औषधालय कई वर्षों से संचालित है, लेकिन यहां डॉक्टर का पद लंबे समय से रिक्त है। वर्तमान में पूरा औषधालय केवल कम्पाउंडर के भरोसे संचालित हो रहा है। डॉक्टर नहीं होने के कारण मरीजों को उचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। वहीं पिछले छह माह से दवाइयों की आपूर्ति भी बंद होने से लोगों को निजी अस्पतालों और मेडिकल स्टोरों पर निर्भर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार रेंगाडबरी, अन्नुटोला, भीमाटोला, चिलमगोटा, नंगुटोला, पुनारकसा, खैरकट्टा सहित आसपास के अनेक गांवों के मरीज इस औषधालय पर निर्भर हैं। डॉक्टर और दवाइयों के अभाव में उन्हें उपचार के लिए 22 से 25 किलोमीटर दूर अन्य स्वास्थ्य केंद्रों तक जाना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानी उठानी पड़ रही है।
ज्ञापन सौंपने वालों में फगुवा राम निषाद, ग्राम पटेल जयेश जैन, शंकर नायक, सोहन लाल सिन्हा, चन्द्रशेखर निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग से मांग की है कि रेंगाडबरी आयुर्वेद औषधालय में शीघ्र डॉक्टर की पदस्थापना की जाए तथा दवाइयों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि वनांचल क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
संवाददाता : नेमन साहू, रेंगाडबरी












