शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, तत्काल शिक्षक की पदस्थापना की मांग
डौण्डीलोहारा। विकासखंड डौण्डीलोहारा के वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेंगाडबरी में जीव विज्ञान विषय के शिक्षक के अभाव के कारण कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की पढ़ाई पिछले दो महीनों से प्रभावित हो रही है। शिक्षक नहीं होने से विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं की नियमित कक्षाएं बंद हैं, जिससे उनकी बोर्ड परीक्षा की तैयारी भी प्रभावित हो रही है।
इस गंभीर समस्या को लेकर शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अंकुश कुमार कुंजाम ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और विद्यालय में तत्काल जीव विज्ञान विषय के शिक्षक की पदस्थापना की मांग की। उन्होंने कहा कि विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों की थ्योरी के साथ-साथ प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) पढ़ाई भी बाधित हो रही है, जिससे परीक्षा परिणाम पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। कई विद्यार्थियों को मजबूरी में निजी ट्यूशन का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया है कि रेंगाडबरी, अन्नुटोला, भीमाटोला, चिलमगोटा, नंगुटोला सहित आसपास के अनेक गांवों के विद्यार्थी इसी विद्यालय में अध्ययन करते हैं। ऐसे में शिक्षक की कमी का असर बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ रहा है।
अध्यक्ष अंकुश कुमार कुंजाम ने जिला शिक्षा अधिकारी से आग्रह किया कि शासन की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की मंशा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में तत्काल अतिथि शिक्षक की व्यवस्था की जाए तथा स्थायी जीव विज्ञान शिक्षक की पदस्थापना की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से प्रारंभ हो सके।
इस संबंध में ग्रामीणों ने भी शिक्षा विभाग से दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं होने पर विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो सकता है।
– नेमन साहू, रेंगाडबरी












