छात्राओं ने पोस्टरों के माध्यम से दी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश

बालोद। भक्त माता कर्मा शासकीय कन्या महाविद्यालय, बालोद में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विविध जागरूकता एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य कलेंद्री रावटे के मार्गदर्शन एवं नोडल अधिकारी प्रो. धीवराज कुमार भोयर के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य कलेंद्री रावटे के प्रेरक उद्बोधन से हुई। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, राष्ट्रनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का पावन अवसर है। उन्होंने छात्राओं से देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं के लिए कारगिल युद्ध की वीरगाथाओं एवं भारतीय सेना के अदम्य साहस पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्राओं ने अपने आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टरों के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इसके पश्चात प्रोजेक्टर के माध्यम से कारगिल युद्ध पर आधारित प्रेरणादायी वीडियो का प्रदर्शन किया गया। वीडियो के जरिए छात्राओं को कारगिल युद्ध की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, भारतीय सैनिकों के अद्वितीय शौर्य, कठिन परिस्थितियों में उनके साहस तथा मातृभूमि की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी प्रो. धीवराज कुमार भोयर ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने छात्राओं से देशहित, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रीय मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय परिवार एवं छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति तथा भारतीय सैनिकों के प्रति सम्मान और गौरव की भावना का विकास करना रहा।
इस अवसर पर प्रो. तरुण कुमार, प्रो. संतोष राना, डॉ. अमित सिंह, डॉ. दीपाली, श्री सोमन तारम, श्री यशवंत देशमुख, श्री धरमू राम राउत, श्री राजेश कलिहारी, सुश्री प्रीति ठाकुर सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।













