DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बोल बम के जयघोष के बीच दल्लीराजहरा से 74 कांवरियों का बाबा धाम के लिए भव्य प्रस्थान, हिंदू सेना ने भगवा गमछा पहनाकर किया सम्मान

आरती, तिलक और पुष्पवर्षा के साथ दी भावभीनी विदाई, सामाजिक संगठनों ने भी निभाई सेवा की भूमिका

दल्लीराजहरा। सावन माह की शिवभक्ति से सराबोर वातावरण के बीच शुक्रवार को शिव संस्कार धाम, दल्लीराजहरा से 74 कांवरियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए रवाना हुआ। इस दौरान पूरा शहर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। हिंदू सेना द्वारा कांवरियों को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य विदाई दी गई।

हिंदू सेना के जिला अध्यक्ष नंदा पसीने के मार्गदर्शन में शिव संस्कार धाम से रेलवे स्टेशन तक भव्य पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान कांवरियों को भगवा गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया, माथे पर तिलक लगाया गया, आरती उतारी गई तथा पुष्पवर्षा कर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की गई।

कार्यक्रम में हिंदू सेना के प्रदेश कोषाध्यक्ष बोधन भट्ट विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पूरोबी वर्मा ने कांवरियों का अभिनंदन करते हुए उनकी सफल एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

धार्मिक आयोजन में विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी सेवा भाव से सहयोग किया। व्यापारी संघ अध्यक्ष गोविंद वाधवानी ने कांवरियों को पानी की बोतलों का बॉक्स भेंट किया। जगन्नाथ सेवा समिति की ओर से भोजन के पैकेट वितरित किए गए, जबकि रेलवे प्रबंधन स्टाफ ने बिस्किट एवं पेयजल की व्यवस्था कर सेवा का संदेश दिया।

इस अवसर पर नगर संचालक महेंद्र भाई पटेल, स्वाधीन जैन, जयदीप गुप्ता, रमेश जैन, अशोक लोहिया, प्रेम जैसवाल, पार्षद भूपेंद्र श्रीवास, एल्डरमैन राकेश देवांगन, नगर अध्यक्ष (मातृशक्ति) संगीता रजक, जिला उपाध्यक्ष ममता पटेल, जिला महामंत्री पद्मिनी साहू, नगर उपाध्यक्ष साक्षी खटवानी, ज्योति राजा भोज, पुष्पा साडिलय, संगठन सचिव गायत्री जैन सहित हिंदू सेना के सभी पदाधिकारी, शिव संस्कार धाम सेवा समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने “बोल बम” के जयघोष के साथ 74 कांवरियों को बाबा धाम की यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से उनकी सुरक्षित, मंगलमय एवं सफल यात्रा की प्रार्थना की। पूरे आयोजन के दौरान दल्लीराजहरा नगर शिवमय वातावरण में रंगा नजर आया।

You cannot copy content of this page