DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

करीब 76 वर्षों की गौरवशाली पुलिस सेवा को मिला सम्मान, धमतरी पुलिस ने दो कर्मठ अधिकारियों को दी भावभीनी विदाई

निरीक्षक रामकिशुन अग्निवंशी और सहायक उप निरीक्षक देवनाथ सिन्हा सेवानिवृत्त, एसपी भावना पांडेय बोलीं— ईमानदारी से की गई सेवा हमेशा रहती है अमर

धमतरी। धमतरी पुलिस परिवार के लिए शुक्रवार का दिन भावुक, गौरवपूर्ण और यादगार रहा। पुलिस विभाग में दशकों तक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ सेवाएं देने वाले निरीक्षक रामकिशुन अग्निवंशी एवं सहायक उप निरीक्षक देवनाथ सिन्हा (काटेन्द्र) के सेवानिवृत्त होने पर पुलिस कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के लंबे सेवाकाल, अनुशासन और समर्पण को याद करते हुए उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

एसपी भावना पांडेय ने सराहा समर्पित सेवाकाल

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा की अवधि भले ही सीमित होती है, लेकिन ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया गया कार्य हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहता है। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन किया और उनका अनुभव धमतरी पुलिस के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

39 वर्ष से अधिक की गौरवपूर्ण सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए निरीक्षक रामकिशुन अग्निवंशी

निरीक्षक रामकिशुन अग्निवंशी ने 1 फरवरी 1987 को आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा शुरू की और लगभग 39 वर्ष 5 माह 30 दिन तक विभाग की सेवा की। अपने सेवाकाल में उन्होंने जगदलपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, दुर्ग, कवर्धा, राजनांदगांव और धमतरी सहित विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया तथा पदोन्नति प्राप्त करते हुए निरीक्षक के पद तक पहुंचे।

36 वर्ष 9 माह की सेवा के बाद एएसआई देवनाथ सिन्हा को मिली विदाई

सहायक उप निरीक्षक देवनाथ सिन्हा (काटेन्द्र) ने 9 अक्टूबर 1989 को आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा प्रारंभ की और लगभग 36 वर्ष 9 माह 22 दिन तक विभाग की सेवा की। उन्होंने दंतेवाड़ा, कांकेर, धमतरी और बालोद सहित विभिन्न जिलों में कार्य करते हुए अपनी कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से विभाग की जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया तथा पदोन्नति प्राप्त कर सहायक उप निरीक्षक बने।

भावभीनी विदाई के बीच साझा किए सेवाकाल के अनुभव

विदाई समारोह में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए और उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की। दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों ने भी अपने लंबे सेवाकाल की यादें साझा करते हुए धमतरी पुलिस परिवार द्वारा मिले सम्मान और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय, उप पुलिस अधीक्षक यशकरण दीप ध्रुव, स्टेनो निरीक्षक (एम) अखिलेश शुक्ला, मुख्य लिपिक निरीक्षक (एम) श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव, उप निरीक्षक (एम) चंद्र भूषण साहू, सहायक उप निरीक्षक (एम) श्रीमती सीमा देहारी, सहायक उप निरीक्षक रिखी राम साहू, शिव मिश्रा, टीका राम साहू, राजेश दिवान, दूज राम सोनवानी, रामावतार राजपूत, श्रीमती लता राजपूत सहित सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन तथा पुलिस कार्यालय धमतरी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में धमतरी पुलिस परिवार ने दोनों अधिकारियों की दीर्घ, समर्पित एवं गौरवशाली सेवा को नमन करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति एवं समृद्ध भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

You cannot copy content of this page