DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

स्कूलों से सुरक्षित समाज की नींव: धमतरी पुलिस ने विद्यार्थियों को यातायात, साइबर सुरक्षा और नए कानूनों का पढ़ाया पाठ

संबलपुर स्कूल में जागरूकता अभियान, 220 विद्यार्थियों ने लिया संकल्प—नियमों का करेंगे पालन, जरूरतमंदों की करेंगे मदद

धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा जिलेभर में सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और कानूनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, संबलपुर में धमतरी पुलिस यातायात शाखा द्वारा एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 220 विद्यार्थियों ने सहभागिता कर महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन, सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों से बचाव तथा देश में लागू नए आपराधिक कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज में जागरूकता फैलाने का भी आह्वान किया।

यातायात नियमों का पालन करने का दिया संदेश

धमतरी पुलिस की टीम ने विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क पर अनुशासित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

साइबर ठगी से बचाव के बताए आसान उपाय

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ओटीपी, बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, पासवर्ड किसी से साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक से बचने तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई। साथ ही नए आपराधिक कानूनों की जानकारी देकर कानून के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।

पीएम राहवीर योजना की भी दी जानकारी

धमतरी पुलिस ने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री राहवीर (Good Samaritan) योजना के बारे में भी विस्तार से बताया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करने वाले नागरिकों को सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाता है। विद्यार्थियों से मानवता के नाते जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की गई।

धमतरी पुलिस की अपील

धमतरी पुलिस ने संदेश दिया कि “यातायात नियमों का पालन करें, साइबर अपराधों से सतर्क रहें, कानून की जानकारी रखें और सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर राहवीर बनें। आपकी सजगता किसी की जिंदगी बचा सकती है।”

कार्यक्रम में प्राचार्य कीर्तन लाल साहू, यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक खेमराज साहू, सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्ण साहू, आरक्षक राजीव साहू सहित विद्यालय के शिक्षकगण श्रीमती हरमीत कौर खालसा, श्री प्रमोद शार्दुल, श्रीमती शशि प्रभा रानी चंद्राकर, श्रीमती कुसुम साहू, श्री रामस्वरूप साहू, श्रीमती सुनीता वाधवानी, श्रीमती श्वेता रानी देशमुख, श्री विक्रम कुर्रे, श्रीमती नम्रता जाधव, श्री आकाशदीप देवांगन, श्रीमती अनीता पांडे, श्री ओंकार लाल पटेल, श्रीमती सोमा साहू, श्री कुशल राम देवांगन, श्री योगेश्वर सिंह वर्मा (सहायक ग्रेड-2), श्रीमती ममता यादव (सहायक ग्रेड-3), श्री अंकेश्वर कुमार मरकाम (सहायक ग्रेड-3) एवं श्रीमती कुमारी भाई सहारे (भृत्य) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा, साइबर जागरूकता और कानूनों के पालन का संकल्प भी लिया।

You cannot copy content of this page