DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मिली पशुधन मित्र संघ की टीम, नियमित मासिक मानदेय की मांग पर मिला सकारात्मक आश्वासन

26 वर्षों से कार्य आधारित मानदेय पर सेवाएं दे रहे पशुधन मित्रों ने रखीं समस्याएं, पशुपालन मंत्री से चर्चा का भरोसा

रायपुर/बालोद। छत्तीसगढ़ पशुधन मित्र संघ, गौ सेवक, पैव एवं मैत्री महासंघ के प्रांतीय एवं जिला पदाधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से उनके निवास पर शिष्टाचार मुलाकात कर वर्षों से लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने विभाग में कार्यरत पशुधन मित्रों को नियमित मासिक मानदेय, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

26 वर्षों से विभाग की सेवाएं, फिर भी नियमित मानदेय नहीं

प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह राजपूत ने बताया कि पशुधन मित्र पिछले लगभग 26 वर्षों से पशुधन विकास विभाग के सहयोगी के रूप में कार्य कर रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें केवल कार्य आधारित मानदेय मिलता है, जिसका भुगतान भी कई बार दो से तीन वर्ष की देरी से होता है। उन्होंने कहा कि विभाग में फील्ड स्तर पर बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं, जिसके कारण अधिकांश कार्य पशुधन मित्रों के सहयोग से ही संचालित हो रहे हैं। ऐसे में कम से कम चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के समान निश्चित मासिक मानदेय प्रदान किया जाना चाहिए।

बीमा और सामाजिक सुरक्षा की भी उठाई मांग

प्रांत प्रमुख धर्मेश अटनागर एवं जिला अध्यक्ष पूनम चंद्र वर्मा ने कहा कि पशुधन मित्र वर्षों से कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण, टीकाकरण, पशु शिविरों में सहयोग, पशु संगणना सहित विभाग के अनेक महत्वपूर्ण कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन उनके लिए न तो बीमा की सुविधा है और न ही आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में किसी प्रकार की आर्थिक सहायता का प्रावधान है।

डॉ. रमन सिंह ने दिया सकारात्मक आश्वासन

प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पशुधन मित्रों की मांग उचित और न्यायसंगत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पशुधन मित्रों के लिए निश्चित मासिक मानदेय सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे तथा इस संबंध में पशुपालन मंत्री रामविचार नेताम से शीघ्र चर्चा कर आवश्यक पहल करेंगे।

इनकी रही उपस्थिति

मुलाकात के दौरान प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह राजपूत, प्रांत प्रमुख धर्मेश अटनागर, प्रांत संयोजक युवराज चौधरी, जिला अध्यक्ष पूनम चंद्र वर्मा, भीष्म कुमार साहू, विनोद कुमार लावत्रे, गेंदलाल साहू, ललित मेश्राम, पोखन साहू, दिनेश वर्मा, प्रकाश जांगड़े, शत्रुघ्न ढीमर, नोहर साहू, ओमप्रकाश साहू एवं पीलूराम साहू सहित संघ के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में प्रांत संयोजक युवराज चौधरी ने आभार व्यक्त किया। इसकी जानकारी मीडिया प्रभारी भूषण देवांगन ने दी।

You cannot copy content of this page