DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जगदलपुर तक डबल रेल लाइन और ट्रेनों के विस्तार की मांग तेज, रेल मंत्री सहित मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा ज्ञापन

विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह को ज्ञापन सौंपा गया है…

दुर्ग-बालोद-कांकेर-जगदलपुर रेल कॉरिडोर के विकास से आदिवासी अंचल को मिलेगा नया जीवन, सड़क दुर्घटनाओं में भी आएगी कमी

बालोद। दुर्ग, बालोद, कांकेर और बस्तर संभाग के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र के समग्र विकास की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रेल मंत्री, मुख्यमंत्री एवं जनप्रतिनिधियों के नाम विस्तृत ज्ञापन तैयार किया है। ज्ञापन में रेल नेटवर्क के विस्तार, डबल लाइन, विद्युतीकरण, नई ट्रेनों के संचालन और नई रेल परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की गई है।

ज्ञापन रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, कांकेर, दुर्ग, राजनांदगांव, रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर एवं महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, राजनांदगांव के महापौर मधुसूदन यादव, महाप्रबंधक रेलवे बिलासपुर एवं डीआरएम रायपुर को संबोधित किया गया है।

ये हैं प्रमुख मांगें

ज्ञापन में दुर्ग से रावघाट-जगदलपुर तक डबल रेल लाइन एवं पूर्ण विद्युतीकरण, पउव्वारा, सिकोसा और भैंसबोड़ स्टेशनों पर अतिरिक्त लाइन एवं प्लेटफॉर्म निर्माण, रावघाट-जगदलपुर से रायपुर तक 12 कोच एवं एसी कोच वाली दैनिक पैसेंजर ट्रेन, दुर्ग-दल्लीराजहरा पैसेंजर ट्रेन का विस्तार रावघाट-जगदलपुर तक, दल्लीराजहरा में पूर्व की वाशिंग लाइन पुनः शुरू करने, भानुप्रतापपुर से चंद्रपुर तक नई रेल लाइन निर्माण तथा सारनाथ संपर्क क्रांति, साउथ बिहार एवं अंबिकापुर जैसी ट्रेनों का विस्तार भानुप्रतापपुर तक करने की मांग की गई है।

सड़क दुर्घटनाओं पर लगेगी रोक, रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि दल्लीराजहरा और रावघाट क्षेत्र की खदानों से हर वर्ष बड़ी मात्रा में लौह अयस्क सड़क मार्ग से भिलाई और रायपुर भेजा जाता है, जिससे राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। यदि डबल रेल लाइन और माल परिवहन का विस्तार होता है तो भारी वाहनों का दबाव कम होगा, सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

वर्षों से जारी है प्रयास

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस मांग को लेकर पिछले लगभग 10 वर्षों से संसद सत्र के दौरान लगातार दिल्ली जाकर जनप्रतिनिधियों और रेल मंत्रालय के समक्ष पहल की जा रही है। मांगकर्ताओं ने इस बार भी शीघ्र कार्रवाई करते हुए लिखित सूचना उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

इनके हस्ताक्षर से भेजा गया ज्ञापन

ज्ञापन पर मधुकांत यदु (सक्रिय सदस्य, भाजपा, संजय नगर बालोद), जोगेन्द्रनाथ योगी (स्टेशन रोड, मरारपारा, बालोद), एम.आर. भंडारी तथा भुवन साहू (ग्राम ओरमा, पोस्ट बघमरा, जिला बालोद) के हस्ताक्षर हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया है कि रेल परियोजनाओं के विस्तार से बालोद सहित बस्तर अंचल के लाखों लोगों को आवागमन, व्यापार और रोजगार के क्षेत्र में सीधा लाभ मिलेगा।

You cannot copy content of this page