गोडेला स्कूल में साहित्यिक गतिविधियों के माध्यम से महान कथाकार को दी गई श्रद्धांजलि, बच्चों ने प्रदर्शित की सृजनात्मक प्रतिभा
बालोद। महान हिंदी साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला गोडेला में शुक्रवार को साहित्यिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के साथ उनका स्मरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रेमचंद के जीवन एवं साहित्य पर आधारित आकर्षक दीवार पत्रिका तैयार कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह दीवार पत्रिका शिक्षिका प्रतिभा त्रिपाठी के मार्गदर्शन में तैयार की गई। पत्रिका में मुंशी प्रेमचंद के जीवन परिचय, प्रमुख साहित्यिक कृतियों, हिंदी साहित्य में उनके अमूल्य योगदान तथा प्रेरक विचारों को सुंदर एवं आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए पत्रिका को प्रभावशाली स्वरूप दिया।

विद्यालय परिवार ने बताया कि इस प्रकार की साहित्यिक गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी साहित्य के प्रति रुचि विकसित करना, महान साहित्यकारों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से परिचित कराना तथा उनकी रचनाओं से प्रेरणा लेकर नैतिक, सामाजिक एवं मानवीय मूल्यों का विकास करना है।
कार्यक्रम में कक्षा आठवीं की छात्राएं शालिनी, सोनम, चांदनी, पूर्वी, तारिणी, यासिका तथा छात्र अमन ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विद्यालय में प्रतिमाह दीवार पत्रिका प्रकाशित करने की परंपरा भी जारी है, जिससे विद्यार्थियों की लेखन शैली, रचनात्मक सोच और साहित्यिक अभिरुचि का निरंतर विकास हो रहा है।
विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ साहित्य और सृजन के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेंगी।













