DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

महिला सशक्तिकरण की पहल: 17 मार्च को बंजारी धाम जुगेरा में होगा जिला स्तरीय महिला सेन समाज परिचय सम्मेलन

बालोद। जिला सेन समाज बालोद द्वारा समाज की मातृशक्ति को संगठित, सशक्त और नेतृत्व के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय महिला सेन समाज परिचय सम्मेलन एवं महिला प्रकोष्ठ गठन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला सेन समाज बालोद के मीडिया प्रभारी उमेश कुमार सेन ने बताया कि समाज में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने, उन्हें नेतृत्व के लिए प्रेरित करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी भूमिका को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह विशेष सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम 17 मार्च 2026, मंगलवार को बंजारी धाम जुगेरा स्थित सामाजिक भवन में दोपहर 12 बजे से आयोजित होगा। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज की महिलाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जहां वे आपसी परिचय, संवाद और विचार-विमर्श के माध्यम से समाज के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित कर सकें।

कार्यक्रम में महिला सेन समाज की प्रदेशाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। वे महिला सशक्तिकरण, सामाजिक नेतृत्व और संगठन के विस्तार से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखते हुए महिलाओं को समाज निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेंगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सेन समाज बालोद के जिलाध्यक्ष संतोष कौशिक करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सेन समाज के प्रदेशाध्यक्ष पुनित सेन अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक विकास पर अपने विचार साझा करेंगे।

इस अवसर पर जिले के सभी ब्लॉकों एवं इकाइयों से नव-निर्वाचित महिला पदाधिकारी, समाज की वरिष्ठ महिलाएं और बड़ी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति अपेक्षित है। सम्मेलन के दौरान महिला प्रकोष्ठ का विधिवत गठन भी किया जाएगा, जिससे महिलाओं की संगठनात्मक भूमिका को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

मीडिया प्रभारी उमेश कुमार सेन ने जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्षों एवं इकाई अध्यक्षों से आग्रह किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की महिला पदाधिकारियों और समाज की मातृशक्ति को इस कार्यक्रम की जानकारी देकर अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।

समाज के पदाधिकारियों का मानना है कि इस सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं में सामाजिक चेतना, नेतृत्व क्षमता और संगठन के प्रति जिम्मेदारी की भावना और अधिक मजबूत होगी, जिससे सेन समाज के विकास और सामाजिक समरसता को नई दिशा मिलेगी।

You cannot copy content of this page