शराब बेचने वाले आरोपी से 6.300 लीटर देशी शराब और बाइक जब्त, सार्वजनिक स्थल पर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई; सट्टा खिलाते आरोपी से सट्टा-पट्टी, डॉट पेन और ₹2,800 नकद बरामद
बालोद। जिले में अवैध शराब, सट्टा-जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बालोद पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में संचालित ‘मिशन नवचेतना’ के तहत पुलिस ने 24 जुलाई 2026 को अवैध शराब और सट्टा-जुआ के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुल 5 प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।
अभियान के तहत आबकारी अधिनियम के 4 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें अवैध शराब बिक्री करने वाले एक आरोपी के साथ-साथ सार्वजनिक स्थल पर शराब का सेवन करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। वहीं, जुआ अधिनियम के एक प्रकरण में सार्वजनिक स्थान पर सट्टा खिलाते एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सट्टा-पट्टी, डॉट पेन और नकदी रकम बरामद की गई।
अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई, शराब और मोटरसाइकिल जब्त

थाना बालोद पुलिस ने मिशन नवचेतना के तहत ग्राम सांकरा (ज.) भाठा स्थित बरगद पेड़ के पास कार्रवाई करते हुए गोकरण ठाकुर, पिता ढालूराम ठाकुर, उम्र 34 वर्ष, निवासी जगन्नाथपुर, थाना बालोद को अवैध रूप से शराब बिक्री करते गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 22 अद्धी एवं 10 पौवा, कुल 6.300 लीटर देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत ₹2,720 है, बरामद की। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07-LS-0613, जिसकी कीमत लगभग ₹15,000 बताई गई है, को भी जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों पर भी कसा शिकंजा
पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। इस दौरान छगन लाल निषाद, पिता जंगली राम निषाद, निवासी चिचलगोंदी, थाना अर्जुन्दा; अमर सिंह, पिता झाडू राम, उम्र 51 वर्ष, निवासी कसही, थाना लोहारा तथा लोमन कुमार कुंजाम, पिता नरेन्द्र कुंजाम, उम्र 25 वर्ष, निवासी हितापठार, थाना मंगचुवा के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(च)(1) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
सट्टा खिलाते आरोपी को पुलिस ने पकड़ा, नकदी सहित सामग्री जब्त
इसी क्रम में थाना बालोद पुलिस ने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सिवनी के पास सार्वजनिक स्थान पर सट्टा खिलाते हुए अनिल कुमार नेताम, पिता विष्णुराम नेताम, उम्र 38 वर्ष, निवासी सिवनी, थाना बालोद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी, डॉट पेन एवं ₹2,800 नगद बरामद किया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य नशे और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर जिले में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण कायम करना है। बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।











