DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

30 जुलाई को बालोद में हरियाली का महाअभियान, 2.45 लाख महिलाएं लगाएंगी ‘महतारी वंदन वृक्ष’

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जिलेभर में होगा वृहद पौधरोपण, जनप्रतिनिधियों ने सभी वर्गों से सहभागिता की अपील

बालोद, 25 जुलाई 2026। बालोद जिला प्रशासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार 30 जुलाई 2026 को वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी अवसर पर ‘महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान’ का भी आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत महतारी वंदन योजना से लाभान्वित जिले की लगभग 2 लाख 45 हजार महिलाओं के साथ-साथ जिले की अन्य मातृशक्तियों, बालिकाओं एवं समाज के सभी वर्गों के लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण कर इस महाअभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

जिले के जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन की इस अभिनव एवं पुनीत पहल की सराहना करते हुए कहा है कि पर्यावरण संरक्षण केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यदि जिले का प्रत्येक परिवार एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में बालोद को हराभरा बनाने की दिशा में यह अभियान मील का पत्थर साबित हो सकता है।

हर महिला लगाए ‘एक पेड़ मां के नाम’

जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा जल शक्ति अभियान के अंतर्गत ‘कैच द रेन’ के माध्यम से जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया है। इसी दिशा में कदम आगे बढ़ाते हुए उन्होंने जिले की लगभग 2 लाख 45 हजार महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से 30 जुलाई को ‘एक पेड़ महतारी मां के नाम’ लगाने का आह्वान किया।

नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी ने भी जिला प्रशासन के इस अभियान की सराहना करते हुए महतारी वंदन योजना की सभी हितग्राही महिलाओं से पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों की समुचित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना तभी सार्थक होगा, जब उसे सुरक्षित रखते हुए बड़ा वृक्ष बनाने का संकल्प भी लिया जाए।

मातृशक्ति और बालिकाएं भी बनें अभियान का हिस्सा

नगर पालिका परिषद बालोद के उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी ने कहा कि 30 जुलाई को सुबह 11 बजे आयोजित होने वाला यह अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ की भावना से जुड़ा हुआ है। उन्होंने जिले के महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के साथ-साथ सभी मातृशक्तियों एवं बालिकाओं से भी इस अभियान का हिस्सा बनने और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देने की अपील की।

मां और बच्चों के नाम पर पौधे लगाने की अपील

जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं नगर पालिका परिषद बालोद के पूर्व अध्यक्ष श्री राकेश यादव ने अभियान की सराहना करते हुए जिले की सभी मातृशक्तियों से अपने घर, बाड़ी, खेत के आसपास उपलब्ध स्थानों, शासकीय भूमि, आंगनबाड़ी एवं पंचायत भवन परिसर में अपनी मां के नाम अथवा अपने बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के नाम पर पौधा लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा प्रयास पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव ला सकता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी मिसाल बन सकता है।

पंचायतों तक निःशुल्क पहुंचाए जाएंगे पौधे

जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराकर संबंधित पंचायतों तक पहुंचाए जाएंगे। नागरिकों से पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल सुनिश्चित करने की अपील की गई है, ताकि लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर भविष्य में विशाल वृक्ष का रूप ले सकें।

पौधरोपण की फोटो अपलोड करने पर मिलेगा प्रमाण पत्र

अभियान के दौरान पौधरोपण करने वाले नागरिकों को अपने पौधे के साथ फोटो अथवा सेल्फी निर्धारित लिंक पर अपलोड करने की सुविधा भी दी जाएगी। फोटो अपलोड करने वाले संबंधित व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उनके योगदान के लिए प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 30 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण कर इस महाअभियान को सफल बनाएं और ‘एक पेड़ मां के नाम’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाकर बालोद जिले को हराभरा बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

You cannot copy content of this page