नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में जय स्तंभ चौक पर किया शांतिपूर्ण प्रदर्शन
बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री दीपक बैज के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी बालोद द्वारा ब्लॉक अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिन्हा एवं शहर अध्यक्ष श्री अंचल प्रकाश साहू के नेतृत्व में नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, छात्रों पर दमन तथा कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में जय स्तंभ चौक, बालोद में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिन्हा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यकाल में नीट परीक्षा में हुई गंभीर अनियमितताओं, छात्रों के भविष्य से कथित खिलवाड़ तथा अपनी लोकतांत्रिक आवाज उठाने वाले छात्रों, युवाओं एवं विपक्षी नेताओं पर किए जा रहे दमन के खिलाफ कांग्रेस पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि नई दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं कांग्रेस नेताओं के साथ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस सांसदों एवं वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लेना भाजपा सरकार की असहिष्णु मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था की विफलताओं ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को संकट में डाल दिया है, लेकिन केंद्र सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री अंचल प्रकाश साहू ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से देश का युवा वर्ग निराश और आक्रोशित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं और लोकतंत्र के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखेगी।
कांग्रेस ने रखीं ये प्रमुख मांगें
कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं एवं व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में तत्काल चर्चा, छात्रों एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर एवं आपराधिक प्रकरणों की वापसी तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य, लोकतांत्रिक अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से हर स्तर पर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रूप से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री विकास चोपड़ा, पार्षद सुमित शर्मा, निर्देश पटेल, सुनील मालेकर, कमलेश श्रीवास्तव, शम्भू साहू, भूषण श्रीवास्तव, जमील बख्श, मोहनीश पारकर, उदय आलेन्द्र, शैलेंद्र ठाकुर, दीपक पाल, मिथलेश साहू, वैभव साहू, दाऊद खान, रविप्रकाश यादव, अगरराम साहू, प्रेम ग्वालवंशी, दिनेश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की।











