धमतरी चौक पर तख्तियां लेकर प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे समेत चार प्रमुख मांगों को लेकर कांग्रेस ने किया आंदोलन
गुंडरदेही, 23 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री दीपक बैज के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही द्वारा गुरुवार को नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, छात्रों पर दमन और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही के अध्यक्ष श्री कचरू साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बरसते पानी के बीच धमतरी चौक गुंडरदेही में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री कचरू साहू ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा नीट परीक्षा में हुई गंभीर अनियमितताओं, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने वाले छात्रों, युवाओं एवं विपक्षी नेताओं पर की जा रही कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन कर रही है।
गुंडरदेही विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि नई दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं कांग्रेस नेताओं के खिलाफ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस सांसदों एवं वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लेना भाजपा सरकार की असहिष्णुता और तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है। विधायक ने कहा कि नीट परीक्षा में हुए पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था की कथित विफलताओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है, लेकिन केंद्र सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस ने रखीं चार प्रमुख मांगें

विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे, नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं एवं व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में तत्काल चर्चा, छात्रों एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर एवं आपराधिक प्रकरण वापस लेने तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य, लोकतांत्रिक अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों और कथित दमनकारी रवैये के खिलाफ हर स्तर पर आवाज उठाने की बात कही।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती सोना देवी देशलहरा, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुचित्रा साहू, जिला कांग्रेस महामंत्री भोजराज साहू, सलीम खान, श्रीमती निर्मला पाटिल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष संजय साहू, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस जिलाध्यक्ष के.के. राजू चंद्राकर, जिला प्रवक्ता मोंटू चंद्राकर, ब्लॉक उपाध्यक्ष लिखन निषाद, प्रीतम ठाकुर, महामंत्री मोजीराम साहू, श्रीमती ज्योति यादव, मंडल अध्यक्ष सलीम खान, मानसिंह देशलहरा, तरुण साहू, रूपचंद जैन, जनपद सदस्य आसिफ गहलोत, श्रीमती ममता सेन, श्रीमती रीना देशमुख, विधायक प्रतिनिधि तरुण पारकर, पार्षद फैज बख्श, अश्वनी सोनकर, भूपेंद्र चंद्राकर, संतोष निषाद, युगांत चंद्राकर, लक्ष्मीनारायण सोनकर, ब्लॉक सचिव ओमप्रकाश यादव, गिरधारी निषाद, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष परस ठाकुर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती ममता चंद्राकर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष लालू सोनकर, सागर साहू, रवि तिवारी, प्रवेश जैन, खिलेंद्र साहू, लोमन निषाद, भानुप्रताप सिन्हा, सेक्टर प्रभारी डोमन देशमुख, शिवकुमार साहू, निजानंद चंद्राकर, गोपीराम साहू, पवन चंद्राकर, उत्तम सोनकर, सरोज साहू एवं किशन पांडे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
रूपचंद जैन की रिपोर्ट









