रावघाट-बैलाडीला के लौह अयस्क से स्टील प्लांट, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की भर्ती तथा जगदलपुर संभाग में एम्स शुरू करने की मांग
बालोद, 23 जुलाई 2026। भाजपा के सक्रिय सदस्य एवं बालोद के संजय नगर निवासी मधुकान्त यदु ने छत्तीसगढ़ के विकास, रोजगार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और संबंधित मंत्रियों को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपने ज्ञापनों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने, शिक्षा विभाग के रिक्त पदों को भरने तथा बस्तर क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल करने का आग्रह किया है।
मधुकान्त यदु ने अपने पहले ज्ञापन में बचेली, किरंदुल, बैलाडीला जिला दंतेवाड़ा एवं रावघाट जिला कांकेर से प्राप्त लौह अयस्क का उपयोग कर भारतीय इस्पात प्राधिकरण (सेल) के माध्यम से छत्तीसगढ़ में स्टील प्लांट स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के खनिज संसाधनों का उपयोग राज्य के विकास के लिए किया जाना चाहिए। स्टील प्लांट की स्थापना होने से स्थानीय अनुसूचित जनजाति सहित हजारों बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने स्टील प्लांट में रेल पटरी, चादर, रॉड एवं पाइप जैसे इस्पात उत्पादों के निर्माण की दिशा में पहल करने का भी आग्रह किया है।
दूसरे ज्ञापन में उन्होंने शिक्षा विभाग में रिक्त पदों पर पदोन्नति एवं सीधी भर्ती की मांग उठाई है। उन्होंने हाई कोर्ट बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के आदेश एवं वरिष्ठता के आधार पर संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं प्राचार्य के रिक्त पदों पर पदोन्नति आदेश जारी करने का आग्रह किया। इसके साथ ही भाजपा के वर्ष 2023 के घोषणा पत्र में किए गए वादे के अनुसार 57 हजार शिक्षकों एवं एक लाख कर्मचारियों के रिक्त पदों पर तत्काल सीधी भर्ती करने तथा सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारियों के रिक्त पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों पर भर्ती एवं पदोन्नति होने से शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
वहीं, तीसरे ज्ञापन के माध्यम से मधुकान्त यदु ने जगदलपुर संभाग में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) प्रारंभ करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के बस्तर एवं जगदलपुर संभाग में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता है। यदि इस क्षेत्र में एम्स की स्थापना होती है तो लगभग 700 किलोमीटर के क्षेत्र में निवासरत अनुसूचित जनजाति एवं स्थानीय निवासियों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार से जगदलपुर संभाग में जल्द से जल्द एम्स प्रारंभ करने की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।
मधुकान्त यदु ने इन तीनों मांगों को छत्तीसगढ़ के विकास, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य से सीधे जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार से इन पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।









