DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

डौंडीलोहारा शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में SMC समिति का गठन, नवप्रवेशित छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल

नगर पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने छात्राओं को सौंपी साइकिल की चाबी, पालकों से बच्चों की पढ़ाई और नियमित उपस्थिति पर ध्यान देने की अपील

डौंडीलोहारा। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डौंडीलोहारा में शाला प्रबंधन समिति (SMC) के गठन एवं निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों के पालक बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष श्री लाल निवेंद्र सिंह टेकाम एवं उपाध्यक्ष श्रीमती नेहा उपाध्याय उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्राचार्य श्री वी.के. भंडारी ने की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पालकों में से शाला प्रबंधन समिति (SMC) का गठन किया गया। इस अवसर पर व्याख्याता श्री प्रदीप कुमार मेश्राम ने शाला प्रबंधन समिति के गठन के उद्देश्य एवं उसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी माता-पिता को अपने बच्चों की पढ़ाई के प्रति जागरूक एवं सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पालकों को अपने बच्चों से प्रतिदिन स्कूल में होने वाली गतिविधियों की जानकारी लेते रहना चाहिए। साथ ही समय-समय पर विद्यालय पहुंचकर बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं पढ़ाई के संबंध में जानकारी प्राप्त करनी चाहिए, जिससे बच्चों में प्रतिदिन विद्यालय आने और पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़े।

शाला प्रबंधन समिति की बैठक के पश्चात नगर पंचायत अध्यक्ष श्री लाल निवेंद्र सिंह टेकाम एवं उपाध्यक्ष श्रीमती नेहा उपाध्याय ने कक्षा 9वीं की नवप्रवेशित छात्राओं को साइकिल की चाबी सौंपकर शासन की निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत साइकिल प्रदान की। साइकिल मिलने से छात्राओं में उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम में श्री डी.आर. साहू, श्री हेमन्त साहू, श्री भूपेन्द्र पटेल, श्री लोकेश्वर सिंह निषाद, श्रीमती एस. वैदे, सुश्री एनुका सार्वा, श्रीमती पुष्पा कर्टेंद्र एवं सेवानिवृत्त व्याख्याता श्री मदन लाल सिन्हा सहित विद्यालय के शिक्षक, पालक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री डी.आर. साहू ने किया।

You cannot copy content of this page