तीन आंगनबाड़ी केंद्रों में नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी करने का निर्णय, गुरुर में ब्लड बैंक खोलने का प्रस्ताव भी पारित
गुरुर। जनपद पंचायत गुरुर की स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग स्थायी समिति की बैठक समिति की सभापति श्रीमती संध्या अजेंद्र साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में गुरुर ब्लॉक में स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में गुरुर ब्लॉक के ग्राम सोरर के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में कार्यकर्ता, ग्राम रमतरा के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में सहायिका तथा बालोदगहन आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में सहायिका की नई नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इस दौरान सभापति एवं समिति के सदस्यों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गुरुर ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्रों में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, ताकि बच्चों को बेहतर प्रारंभिक शिक्षा एवं सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के जर्जर भवनों का तत्काल निरीक्षण कर उनकी स्थिति की रिपोर्ट एवं आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को इन जर्जर भवनों की जानकारी छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े को अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आवश्यक कार्रवाई एवं भवनों के सुधार की दिशा में पहल की जा सके।
स्वास्थ्य विभाग से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए जनहित को ध्यान में रखते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से गुरुर में ब्लड बैंक खोलने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। समिति ने शासन एवं विभाग द्वारा संचालित टीकाकरण अभियान को लगातार तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए तथा इस कार्य में जुटे कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई प्रेषित की।
बैठक में गुरुर ब्लॉक के अस्पतालों में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का तत्काल निरीक्षण करने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। समिति की सभापति श्रीमती संध्या अजेंद्र साहू एवं सदस्यों ने जनहित से जुड़े स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।










