गुंडरदेही के मुखर्जी भवन में होगा आयोजन, लोकगीत से लेकर शॉर्ट फिल्म और स्लैम पोएट्री तक 8 विधाओं में युवा दिखाएंगे प्रतिभा
बालोद, 24 जुलाई 2026। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), जिला बालोद के संयुक्त तत्वावधान में ‘युवा शक्ति–नशा मुक्त भारत की शक्ति’ विषय पर जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन 24 जुलाई 2026, शुक्रवार को सुबह 10 बजे से मुखर्जी भवन, गुंडरदेही में किया जाएगा।
आयोजन का उद्देश्य जिले के युवाओं में नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता, राष्ट्र निर्माण एवं सकारात्मक नेतृत्व की भावना को विकसित करना है। प्रतियोगिता में जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा उत्साहपूर्वक सहभागिता करेंगे।
8 विधाओं में होगी प्रतियोगिताएं
जिला स्तरीय आयोजन के दौरान युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए कुल 8 विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें लोकगीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक/माइम एक्ट, पेंटिंग, वाद-विवाद/एलोक्यूशन, शॉर्ट फिल्म/रील, स्लोगन लेखन एवं स्लैम पोएट्री शामिल हैं।
इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवा अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ-साथ नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त समाज के महत्व को भी प्रभावी तरीके से सामने रखेंगे।
प्रमुख अतिथि होंगे प्रमोद जैन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री प्रमोद जैन, अध्यक्ष नगर पंचायत गुंडरदेही होंगे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित श्रीमती शमशाद बेगम अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करेंगी। कार्यक्रम के समापन अवसर पर गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-61 के विधायक माननीय श्री कुंवर सिंह निषाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
मेरा युवा भारत, जिला बालोद एवं राष्ट्रीय सेवा योजना, जिला बालोद ने जिले के सभी युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं में सहभागिता करने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ‘नशा मुक्त भारत–विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।













