DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

पालक-शिक्षक समिति की बैठक में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर मंथन

शैक्षणिक गुणवत्ता, नियमित उपस्थिति, अनुशासन और विद्यालय के समग्र विकास को लेकर पालकों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव

बालोद। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी मध्य विद्यालय, बालोद में पालक-शिक्षक समिति एवं शाला प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों की अध्ययन संबंधी समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया तथा उनकी शैक्षणिक प्रगति एवं भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्राचार्य अरुण कुमार साहू ने कहा कि विद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों में छात्र-छात्राओं की रचनात्मक एवं सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। इससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

बैठक में विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, आधारभूत संरचना, विद्यालय के समग्र विकास के लिए आवश्यक सुविधाओं, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति एवं अनुशासन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। पालकों ने विद्यालय की आवश्यकताओं एवं समस्याओं को लेकर अपने विचार रखे तथा शाला के बेहतर संचालन और विकास के लिए कई महत्वपूर्ण सुझावात्मक प्रस्ताव प्रस्तुत किए।

पालकों ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों के विकास, स्वच्छ एवं हरित परिसर के साथ-साथ विद्यार्थियों को पुस्तकालय के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। इसके अलावा विद्यालय में खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।

विद्यालय परिवार ने पालकों द्वारा दिए गए सुझावों का स्वागत करते हुए शाला विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों एवं पालकों ने विद्यालय परिसर तथा कक्षाओं का निरीक्षण भी किया और विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बैठक में सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि पालकों, शिक्षकों, शाला प्रबंधन समिति एवं समुदाय के सामूहिक सहयोग से विद्यार्थियों के शैक्षणिक, नैतिक, सामाजिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष चंद्रहास साहू, उपाध्यक्ष श्रीमती हेमलता ईश्दा, नीलकंठ साहू, होरीलाल साहू, कक्षा आठवीं एवं नवमीं के पालक तथा शिक्षक श्री डी.पी. सिन्हा, श्रीमती आर. ठाकुर, प्रधान पाठिका श्रीमती सुषमा तिवारी एवं प्रभारी श्री भागवत साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page