DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

अंगदान और देहदान को जनआंदोलन बनाने रेड क्रॉस सोसाइटी की पहल, राज्यपाल से प्रतिनिधिमंडल ने की शिष्टाचार भेंट

विश्व अंगदान दिवस पर राज्य स्तरीय सम्मान समारोह और अंगदानकर्ताओं को मरणोपरांत ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देने के प्रस्ताव पर मिला सकारात्मक मार्गदर्शन

रायपुर, 19 जुलाई 2026। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा, रायपुर की नवगठित आई, ऑर्गन एवं बॉडी डोनेशन समिति की प्रथम बैठक रायपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता राज्य शाखा के चेयरमैन श्री तोमन साहू ने की। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे समिति सदस्यों ने नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के क्षेत्र में जनजागरूकता को और अधिक मजबूत बनाने, समन्वित कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रदेश में अंगदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

बैठक में सर्वसम्मति से अंगदान एवं देहदान करने वाले व्यक्तियों को पड़ोसी राज्यों मध्यप्रदेश एवं ओडिशा की तर्ज पर मरणोपरांत ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ प्रदान किए जाने के संबंध में छत्तीसगढ़ शासन को अनुशंसा भेजने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही 13 अगस्त 2026 को विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर प्रदेश में अंगदान करने वाले व्यक्तियों के परिजनों, पंजीकृत प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट) संस्थानों के निदेशकों, चिकित्सकों एवं ट्रांसप्लांट को-ऑर्डिनेटर्स का राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

राज्यपाल से प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

बैठक के उपरांत भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के पदाधिकारियों एवं समिति के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल, छत्तीसगढ़ एवं अध्यक्ष, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा से लोक भवन (राजभवन), रायपुर में शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को समिति के गठन, उसके उद्देश्यों तथा बैठक में पारित महत्वपूर्ण प्रस्तावों की जानकारी दी।

महामहिम राज्यपाल ने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए दोनों प्रस्तावों पर सकारात्मक सहमति एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम की व्यापक एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर

राज्यपाल ने समाज में नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की भूमिका की सराहना की। उन्होंने इस महादान के प्रति अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करने तथा इसके लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान संचालित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समिति प्रदेशभर में जनजागरूकता, समन्वय एवं संस्थागत सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से चरणबद्ध कार्ययोजना के तहत विभिन्न गतिविधियां संचालित करेगी। समिति का उद्देश्य अधिकाधिक नागरिकों को अंगदान एवं देहदान के लिए प्रेरित करना है, ताकि छत्तीसगढ़ इस दिशा में एक सशक्त एवं प्रेरणादायी उदाहरण के रूप में स्थापित हो सके।

— आर्यन सिन्हा (आयुष)
मीडिया प्रभारी
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा, रायपुर

You cannot copy content of this page