किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अनिवार्य, होटल-लॉज सहित संवेदनशील स्थानों पर बढ़ेगी निगरानी
धमतरी, 21 जुलाई 2026। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण एवं नागरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा किरायेदार सत्यापन, होटल-लॉज चेकिंग और बाहरी व्यक्तियों की निगरानी को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (कुरूद) श्रीमती रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना मगरलोड में जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, कोटवारों एवं अन्य संबंधित लोगों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की साझा जिम्मेदारी है। पुलिस, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से ग्राम एवं वार्ड स्तर पर मजबूत सूचना तंत्र विकसित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र में निवासरत बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों की अद्यतन जानकारी रखने, निवास संबंधी दस्तावेजों का रिकॉर्ड संधारित करने तथा प्रत्येक किरायेदार का पुलिस सत्यापन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही होटल, लॉज, धर्मशाला, राइस मिल, पोल्ट्री फार्म, फैक्ट्री एवं निर्माण कार्यों में कार्यरत बाहरी श्रमिकों और कर्मचारियों का भी सत्यापन कराने पर जोर दिया गया।
पुलिस ने फेरीवालों, घूमंतू साधुओं, बर्तन अथवा सोना चमकाने वाले व्यक्तियों सहित क्षेत्र में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने की अपील की। साथ ही ग्राम एवं वार्ड स्तर पर संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां होने वाली अवैध शराब बिक्री, नशे का कारोबार, जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैधानिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने टोल फ्री नंबर जारी
बैठक में धमतरी पुलिस द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 की जानकारी देते हुए इसे प्रत्येक गांव एवं वार्ड तक पहुंचाने की अपील की गई। पुलिस के अनुसार इस नंबर पर अवैध प्रवासियों, संदिग्ध व्यक्तियों अथवा किसी भी अवैधानिक गतिविधि से संबंधित सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात भी कही गई।
जनप्रतिनिधियों ने धमतरी पुलिस द्वारा संचालित जनसुरक्षा, नशामुक्ति, अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई एवं किरायेदार सत्यापन अभियान की सराहना करते हुए पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
धमतरी पुलिस की अपील
- प्रत्येक मकान मालिक अपने किरायेदार का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं।
- होटल, लॉज एवं अन्य संस्थानों में आगंतुकों और कर्मचारियों का रिकॉर्ड नियमित रूप से रखें।
- किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध प्रवासी या अवैधानिक गतिविधि की सूचना टोल फ्री नंबर 1800-233-1905, डायल-112 अथवा निकटतम थाना में दें।
बैठक में एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, थाना प्रभारी मगरलोड निरीक्षक प्रमोद अमलतास, थाना मगरलोड का पुलिस स्टाफ, जनप्रतिनिधिगण, सरपंच, कोटवार एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे। सभी ने सुरक्षित, सतर्क एवं अपराधमुक्त धमतरी के निर्माण में पुलिस के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।












