सीतागांव थाना क्षेत्र के हलांजूर और एड़मा-बड़मा में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम, 14 गांवों में बांटे गए फलदार पौधे; सीतागांव और सेंडावाही में किया गया पौधारोपण
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 19 जुलाई 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय. पी. सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री देवचरण पटेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मानपुर श्री विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में थाना सीतागांव क्षेत्र के ग्राम हलांजूर एवं एड़मा-बड़मा में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत “पुलिस की चौपाल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली और पुलिस-जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करने का प्रयास किया।
कार्यक्रम के दौरान थाना सीतागांव क्षेत्र की तीन बीट के अंतर्गत आने वाले 14 ग्रामों का भ्रमण किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक श्री संजय कुमार यादव ने सुदूर अंचल के स्कूली बच्चों, आंगनबाड़ी के बच्चों एवं ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को जाना। इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर जागरूक किया गया।
साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय

सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को साइबर जागरूकता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए।
पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा निकटतम थाना में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
नशे से दूर रहने और महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम में नशामुक्ति अभियान के तहत युवाओं एवं बच्चों को शराब तथा अन्य मादक पदार्थों के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की समझाइश दी गई। इसके साथ ही महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, बाल अपराध एवं महिलाओं के अधिकारों के संबंध में भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
महिलाओं एवं बच्चों को आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए अभिव्यक्ति ऐप, डायल-112 एवं महिला हेल्पलाइन 1091 की जानकारी दी गई। पुलिस ने किसी भी प्रकार की परेशानी अथवा आपात स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
जहरीले जीव-जंतुओं और सर्पदंश से बचाव की दी जानकारी

बारिश के मौसम को देखते हुए ग्रामीणों को जहरीले जीव-जंतुओं एवं सर्पदंश से बचाव के आवश्यक उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई। ग्रामीणों को सावधानी बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।
14 गांवों में फलदार पौधों का वितरण, दो स्थानों पर हुआ पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थाना क्षेत्र के सभी 14 ग्रामों में ग्रामीणों के बीच फलदार पौधों का वितरण किया गया। वहीं ग्राम सीतागांव एवं सेंडावाही में पीपल, बरगद, नीम एवं करंज के पौधे रोपे गए। शेष ग्रामों में भी चरणबद्ध तरीके से पौधारोपण अभियान जारी है।
पुलिस द्वारा ग्रामीणों से पौधों को सुरक्षित रखने और नियमित रूप से उनकी देखभाल करने की अपील की गई, ताकि आने वाले समय में ये पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ गांवों को हराभरा बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत हलांजूर की सरपंच श्रीमती फुलबती कुमेटी, ग्राम पटेल श्री रैनुराम दुग्गा, ग्राम पंचायत हलोरा के आश्रित ग्राम एड़मा-बड़मा के ग्राम पटेल श्री सनकेर तुलावी, स्कूली छात्र-छात्राएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्रामीणजन एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने पुलिस विभाग की इस जनहितैषी एवं विश्वास निर्माण की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की। पुलिस की चौपाल का मुख्य उद्देश्य सुदूर एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास और सकारात्मक संबंधों को मजबूत करना, जनसमस्याओं से रूबरू होना तथा साइबर अपराध, नशामुक्ति, महिला सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।













