अभिनंदन समारोह के बाद ग्रामीणों ने रखीं मूलभूत समस्याएं, तत्काल पहल पर सड़क मरम्मत शुरू और पेयजल व्यवस्था बहाल
बालोद (डौंडी)। डौंडी विकासखंड के अंतिम छोर पर स्थित प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर एवं जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल देवपांडूम में छत्तीसगढ़ पुलिस में चयनित युवा टिकेश कुमेटी के सम्मान में ग्रामीणों द्वारा भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर समाजसेवी शमशेर खान, देवराज जैन एवं पुष्पजीत बैस भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान संजय बैस सहित उपस्थित अतिथियों ने टिकेश कुमेटी का शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला से सम्मान कर उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दीं। संजय बैस ने कहा कि ग्रामीण अंचल के युवाओं की मेहनत और लगन पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। टिकेश कुमेटी की सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी शासकीय सेवाओं में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
ग्रामीणों ने बताई गांव की मूलभूत समस्याएं
अभिनंदन समारोह के बाद ग्राम पंचायत के पंच छतर कुमेटी ने ग्रामीणों की ओर से गांव की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को मुख्य अतिथि संजय बैस के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए गांव की सीसी सड़क को खोद दिया गया है, जिसके कारण ग्रामीणों के साथ-साथ देवपांडूम झरना देखने आने वाले पर्यटकों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार, कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका था।
इसके अलावा ग्रामीणों ने बताया कि गांव की एकमात्र सौर ऊर्जा आधारित पेयजल योजना का पंप खराब पड़ा था और पानी की टंकी का ढक्कन भी नहीं था। इसके चलते ग्रामीणों को मजबूरी में कुएं के पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा था। आदिवासी बहुल क्षेत्र के इस अंतिम गांव की समस्याओं के समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी थी।
संजय बैस की पहल पर अगले दिन शुरू हुआ काम
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संजय बैस ने मौके से ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर सीसी सड़क की तत्काल मरम्मत एवं पेयजल व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने की पहल की। इसके बाद अगले ही दिन प्रशासन एवं विभागीय अमला देवपांडूम पहुंचा और खोदी गई सीसी सड़क की मरम्मत का कार्य प्रारंभ कराया गया। वहीं खराब पंप हाउस को भी सुधारकर गांव में पेयजल आपूर्ति पुनः शुरू कर दी गई।
समस्याओं का त्वरित समाधान होने पर ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए संजय बैस का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का इतनी शीघ्र निराकरण होना जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता और प्रशासन की सक्रियता का सकारात्मक उदाहरण है।












