सरपंच प्रणिका जैन ने किया भूमि पूजन, 20 लाख रुपए की लागत से बनेगा सर्वसुविधायुक्त भवन; सचिवालय, सरपंच कार्यालय, हॉल और शौचालय की रहेगी सुविधा
घीना। ग्राम पंचायत घीना में लंबे समय से जर्जर पंचायत भवन की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब जल्द राहत मिलने वाली है। ग्राम पंचायत में 20 लाख रुपए की लागत से नए सर्वसुविधायुक्त पंचायत भवन का निर्माण किया जाएगा। नए भवन निर्माण के लिए सरपंच प्रणिका जैन ने विधिवत भूमि पूजन किया। इस अवसर पर पंचायत सचिव बसंत सिन्हा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत का वर्तमान भवन काफी जर्जर स्थिति में पहुंच चुका था, जिसके चलते पंचायत कार्यालय में बैठकर काम करना मुश्किल हो गया था। भवन की खराब स्थिति को देखते हुए पंचायत कार्यालय का संचालन फिलहाल कचरा शेड में अस्थायी रूप से किया जा रहा है। ऐसे में नए पंचायत भवन का निर्माण शुरू होने से पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पुरानी सोसाइटी के पास बनेगा नया पंचायत भवन

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत घीना में पुरानी सोसाइटी के पास नए पंचायत भवन का निर्माण किया जाएगा। लगभग 20 लाख रुपए की लागत से बनने वाला यह भवन आधुनिक एवं आवश्यक सुविधाओं से युक्त होगा। भवन में सचिवालय, सरपंच कार्यालय, बैठक एवं कार्यक्रमों के लिए हॉल तथा शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
नए पंचायत भवन के निर्माण से पंचायत के प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा होगी और ग्रामीणों को भी विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
कई वर्षों पुरानी समस्या होगी दूर
ग्राम पंचायत घीना में नए भवन के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। जर्जर भवन के कारण पंचायत के कामकाज में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब नए भवन का निर्माण होने से कई वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।
भूमि पूजन के अवसर पर सरपंच प्रणिका जैन ने कहा कि पंचायत भवन का निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पंचायत के कार्यों का संचालन भी व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा। उन्होंने निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयावधि में पूरा कराने पर जोर दिया।













