पहले चरण में 150 पौधों का किया गया रोपण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को दिया गया बढ़ावा
बालोद/डौंडीलोहारा। वन विभाग बालोद के तत्वावधान में 21 जुलाई 2026 को पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, दुधली में वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय परिसर एवं दुधली गांव में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, हरियाली को बढ़ावा देने तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाना रहा।
वन विभाग द्वारा विद्यालय को कुल 364 पौधे उपलब्ध कराए गए, जिनमें से प्रथम चरण में 150 पौधों का रोपण किया गया। पौधारोपण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष डौंडीलोहारा, जनपद सदस्य एवं ग्राम दुधली के सरपंच उपस्थित रहे। प्रशासनिक एवं वन विभाग की ओर से डीएफओ बालोद श्री अभिषेक अग्रवाल के साथ वन विभाग के करीब 30 अधिकारी-कर्मचारियों ने वन महोत्सव में सहभागिता की।

विद्यालय के ईको क्लब (ECO CLUB), एनसीसी (NCC) एवं अन्य विद्यार्थियों ने भी पौधारोपण अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल करने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री एन.पी. नामदेव ने वन महोत्सव के सफल आयोजन के लिए जनप्रतिनिधियों सहित वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति संस्था की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।













