DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद में बाल संरक्षण और महिला सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने गुमशुदा बच्चों की दस्तयाबी और बाल विवाह रोकथाम की समीक्षा की

जिला स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, टॉस्क फोर्स समिति एवं सखी वन स्टॉप सेंटर की त्रैमासिक बैठक संपन्न; ग्रामीण स्तर पर हर विवाह का पंजीयन कराने के निर्देश

बालोद, 21 जुलाई 2026। जिले में बच्चों के संरक्षण, गुमशुदा बच्चों की दस्तयाबी, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिलाओं की सुरक्षा एवं पुनर्वास को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार 20 जुलाई को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स समिति एवं सखी संचालन के संबंध में त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने निर्धारित एजेंडे के अनुसार किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति, चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान, गुमशुदा बच्चों की दस्तयाबी तथा सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं की देखरेख, सुरक्षा, संरक्षण एवं पुनर्वास से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा जरूरतमंद बच्चों एवं महिलाओं को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

बाल विवाह रोकने हर विवाह का पंजीयन अनिवार्य

बैठक में बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत जिले में बाल विवाह की पूर्णतः रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण स्तर पर होने वाले प्रत्येक विवाह का पंजीयन सुनिश्चित कराया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में विवाह संबंधी अनिवार्य रूप से पंजी संधारित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि बाल विवाह की संभावनाओं पर प्रभावी ढंग से निगरानी रखी जा सके।

अधिकारियों ने दी योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अमित सिन्हा ने निर्धारित एजेंडे एवं उनके समुचित क्रियान्वयन के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री नूतन कंवर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री जेएल उइके, उप संचालक जिला योजना सांख्यिकी, उप संचालक समाज कल्याण विभाग, सहायक आयुक्त, श्रम पदाधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, परियोजना समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में प्रशासन ने बाल संरक्षण, गुमशुदा बच्चों की सुरक्षित दस्तयाबी, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिलाओं की सुरक्षा एवं पुनर्वास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

You cannot copy content of this page