शिवनाथ नदी घाट से लेकर गार्डन, मंदिर और सार्वजनिक स्थलों तक चलाया सफाई अभियान, जल संरक्षण और नशामुक्ति के लिए लोगों को किया जागरूक
दुर्ग/बालोद। हरा-भरा और स्वच्छ धरा के उद्देश्य को लेकर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में लगातार 177वें सप्ताह भी पौधारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति एवं गाजर घास उन्मूलन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान शिवनाथ नदी घाट, मुक्ति धाम गार्डन दुर्ग में बड़ी मात्रा में उगी गाजर घास को जड़ सहित उखाड़कर नष्ट किया गया तथा आसपास की साफ-सफाई कर कचरे को एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया गया। पूर्व में ट्री गार्ड में लगाए गए पौधों की निंदाई-गुड़ाई कर उनकी देखभाल भी की गई। इसी दौरान शिवनाथ नदी घाट, मुक्ति धाम दुर्ग में एक मृत गाय पड़े होने की सूचना नगर निगम प्रशासन को दी गई, ताकि उसे सुरक्षित तरीके से वहां से हटाया जा सके।
इसी तरह हुडको हैप्पी गार्डन, भिलाई नगर में शराब पीने के बाद सार्वजनिक स्थल पर फेंकी गई शराब की बोतलें, पानी पाउच, चखना पाउच, गुटखा पाउच एवं पानी की बोतलों को समिति के सदस्यों ने एकत्रित कर गार्डन की सफाई की। समिति ने इस अवसर पर शराब सेवन करने वालों से अपील की कि सार्वजनिक स्थलों, मंदिर परिसर, गार्डन, नदी एवं तालाबों के आसपास शराबखोरी कर गंदगी न फैलाएं।
पौधारोपण और स्वच्छता अभियान में विभिन्न संस्थाओं ने निभाई सहभागिता
ग्रामीण क्षेत्र में वृहद छायादार, फूल एवं फलदार पौधों का पौधारोपण किया गया। वहीं रिसाली सेक्टर भिलाई के दशहरा मैदान में स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति के जागरूकता अभियान से प्रभावित योग लंगर समिति की टीम के साथ संयुक्त रूप से स्वच्छता अभियान चलाया गया। मैदान में फैले कचरे को एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया गया। स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ की रिसाली प्रभारी तरुणा देशमुख ने अपने जन्मदिन के अवसर पर वृहद पौधारोपण करते हुए पौधों की उचित देखभाल का संकल्प लिया।
इसी कड़ी में समिति के तालपुरी दुर्ग ग्रामीण प्रभारी कुंवर सिंह देशमुख ने तालपुरी में गणमान्य नागरिकों के साथ पौधारोपण किया। इसके अलावा शिव पार्वती धाम बालोद, शिव मंदिर महाकाल सुरेगांव, शिव दुर्गा मंदिर भिलाई, कपिश्वर धाम भिलाई एवं ग्राम अंजोरा दुर्ग में भी समिति के सदस्यों द्वारा साफ-सफाई कर स्वच्छता अभियान चलाया गया।
नदी और मंदिर परिसरों से हटाया कचरा, लोगों को स्वच्छता के लिए किया जागरूक
अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से झिल्ली, कागज, खाद्य पदार्थों के रेपर, प्लास्टिक चम्मच, पानी पाउच, प्लास्टिक बोतल, गुटखा पाउच, जूठे दोना-पत्तल, शराब की बोतल, डिस्पोजल एवं पूजा-हवन सामग्री सहित अन्य कचरा एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया गया। समिति के सदस्यों ने नदी में सड़कर दुर्गंध फैला रहे कचरे को भी बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
समिति के अनुसार, शिवनाथ नदी में स्नान एवं पूजा के लिए आने वाले लोगों को पिछले करीब पांच वर्षों से स्वयं तथा समाचार पत्रों के माध्यम से नदी में कचरा नहीं फेंकने के लिए जागरूक किया जा रहा है। जागरूकता के बाद कई लोग नदी में तैरते कचरे को निकालकर घाट के सुरक्षित स्थान पर रखने लगे हैं, जिसे नगर निगम प्रशासन द्वारा उठाया जाता रहा है। हाल के दिनों में कचरा नहीं उठाए जाने से वह दोबारा नदी में जाने लगा था। इस संबंध में स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने निगम प्रशासन को अवगत कराया, जिसके बाद निगम प्रशासन द्वारा कचरा उठाकर ले जाया गया।
नारे और स्लोगन के माध्यम से दिया स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
अभियान के दौरान नदी, तालाब, मंदिर एवं सार्वजनिक स्थलों पर आए लोगों को कचरा इधर-उधर न फेंककर निर्धारित स्थान पर डालने के लिए जागरूक किया गया। बैनर, नारों, स्लोगन एवं कविताओं के माध्यम से स्वच्छता, जल संरक्षण, नशामुक्ति, गाजर घास उन्मूलन, पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस दौरान “जल है तो बल है”, “जल ही जीवन धारा है, जिसने हमें संवारा है”, “जागो और जगाओ, स्वच्छता अपनाओ”, “पौधे लगाकर पेड़ बनाओ, जीवन में खुशियां बरसाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
तालाबों में कुंड निर्माण और पूजा सामग्री के सीमित उपयोग की अपील
स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने बताया कि समिति द्वारा हर वर्ष गर्मी पूर्व एवं बरसात के मौसम में गाजर घास उन्मूलन अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाता है। कई स्थानों पर गाजर घास को जड़ से उखाड़कर नष्ट किया गया है, जिससे वहां इसके फैलाव में कमी आई है।
उन्होंने कहा कि तालाबों में कुंड निर्माण के लिए समिति द्वारा लगातार समाचार पत्रों के माध्यम से प्रशासन से निवेदन किया जा रहा है। साफ-सफाई के बाद तालाब में पानी भरने से जल को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि पूजा सामग्री का कम से कम उपयोग करें, ताकि नदी और तालाबों में कम मात्रा में पूजन सामग्री विसर्जित हो और जलस्रोतों में दुर्गंध एवं गंदगी न फैले। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता में ही ईश्वर का वास होता है” तथा “स्वच्छ धरा पर चल, होगा हर समस्या हल” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है।
उन्होंने दुर्ग निगम प्रशासन से शिवनाथ नदी मुक्ति धाम महमरा एनीकट, वार्ड क्रमांक 35 के घाट पर लोगों द्वारा एकत्रित किए गए कचरे को तत्काल उठाकर निर्धारित स्थान पर डंप करने का आग्रह भी किया।
समाज के हर वर्ग को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का आह्वान
स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती थनेश्वरी हरदेल ने कहा कि समिति लगातार जागरूकता अभियान चलाकर स्वयं कचरा एवं गंदगी उठाने के साथ स्वच्छता, जल संरक्षण, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण एवं गाजर घास उन्मूलन के लिए समाज के हर वर्ग को प्रेरित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि समिति द्वारा प्रतिवर्ष बरसात के मौसम में गाजर घास को जड़ से उखाड़कर नष्ट किया जाता है, ताकि वह दोबारा न उग सके। इस अभियान के सकारात्मक परिणाम कई स्थानों पर देखने को मिले हैं।
अभियान में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने लिया हिस्सा
अभियान में छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल, संयुक्त सचिव सुरेन्द्र साहू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती थनेश्वरी हरदेल, सरोज टहनगुरिया, विमल टहनगुरिया, टीनल हरदेल, महेंद्र यादव, चितरंजन दुर्गा देशमुख, भानु शंकर बेलचंदन, कार्तिक राम चंद्राकर, कुंवर सिंह देशमुख, डेरहा देशमुख, टिकेंद्र हरदेल, भागीरथी सिन्हा, वामन कुमार यादव, दुर्योधन साहू, राजेश कुमार, विजय कुमार सिंह, तरुणा देशमुख, अशोक माहेश्वरी, अंगेश, तृप्ति, खुशी, माधवी, प्रीति, सारिका, अंजू, विजय, अंजली, संजय, विजयराम, गोकुल, उल्लास, गोकुल वार, अनिल ठाकुर, विरेंद्र, प्रवीण, पूजा प्रसाद, रेनु, संजरेखा, मधु, नूतन, शालिनी सिंह, आस्था सिंह, अवनी सिंह, बी. श्रद्धा, आरती सिंह, शगून सोनी, मधु कुमार देशमुख सहित समिति के अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।












