DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

नशे के खिलाफ बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17 मामलों में जब्त मादक पदार्थों का हुआ नष्टीकरण

₹29.52 लाख कीमत के 227.155 किलो गांजा सहित 14,880 नशीली टेबलेट-कैप्सूल नष्ट, जिला स्तरीय समिति की निगरानी में पूरी हुई प्रक्रिया

बालोद, 21 जुलाई 2026। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बालोद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया। जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में 17 प्रकरणों में जब्त कुल ₹29,52,275 मूल्य के गांजा एवं नशीली दवाइयों का नष्टीकरण किया गया।

नष्टीकरण की कार्रवाई में धारा 20-बी एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त 227.155 किलोग्राम गांजा, इसके अलावा 12,000 नशीली टेबलेट्स एवं 2,880 कैप्सूल्स, यानी कुल 14,880 नग नशीली दवाइयों का निपटान किया गया। जब्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत ₹29,52,275 आंकी गई है।

भिलाई स्टील प्लांट के एसएमएस-3 यूनिट में हुआ नष्टीकरण

जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की संपूर्ण प्रक्रिया जिला दुर्ग के थाना भिलाई भट्टी क्षेत्र स्थित भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-3 यूनिट के भरमीकरण यंत्र में निर्धारित प्रक्रिया के तहत जलाकर पूरी की गई।

एसपी किरण गंगाराम चव्हाण के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण के नेतृत्व में नष्टीकरण की प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान समिति की सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, जिला आबकारी अधिकारी श्री पलक नंद सहित समिति के अन्य सदस्य एवं पंच मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई पारदर्शी तरीके से एवं निर्धारित विधिक प्रावधानों के अनुरूप संपन्न की गई।

नशे के नेटवर्क पर बालोद पुलिस का लगातार प्रहार

बालोद पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जब्त मादक पदार्थों का विधिक प्रक्रिया के तहत नष्टीकरण कर पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराया है। पुलिस का उद्देश्य अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखना और जिले में सुरक्षित एवं नशामुक्त वातावरण तैयार करना है।

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें।

बालोद पुलिस का संदेश—नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। 🚔

You cannot copy content of this page