प्रति यूनिट 4.37 लाख रुपये की लागत से होगा निर्माण, बालिका शिक्षा और स्वच्छता को मिलेगा बढ़ावा
बालोद, 19 जुलाई 2026। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के चयनित शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के प्रभारी अधिकारी ने बताया कि वी.बी.जी. राम.जी तथा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अभिसरण से प्रति यूनिट 4.37 लाख रुपये की लागत से बालिका शौचालयों का निर्माण स्वीकृत किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, विद्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा छात्राओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस पहल को प्राथमिकता दी गई है। विद्यालयों में पर्याप्त एवं उपयोगी शौचालय उपलब्ध होने से छात्राओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिलेगा। इससे छात्राओं की नियमित उपस्थिति में वृद्धि होने के साथ ही पढ़ाई के दौरान होने वाली असुविधाओं में भी कमी आएगी।
तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप होगा निर्माण
बालिका शौचालयों का निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप किया जाएगा। प्रत्येक शौचालय में स्वच्छ जल की उपलब्धता, हाथ धोने की सुविधा, उचित वेंटिलेशन तथा नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि छात्राओं को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी ने संबंधित विभागों एवं ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया है कि स्वीकृति उपरांत निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किया जाए। साथ ही विद्यालय प्रबंधन समितियों, ग्राम पंचायतों एवं स्थानीय समुदाय की सहभागिता से इन शौचालयों का नियमित संचालन एवं रखरखाव भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वच्छता जागरूकता और बालिका शिक्षा को मिलेगा बल
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत यह पहल केवल आधारभूत संरचना के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यालयों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, छात्राओं में व्यक्तिगत स्वच्छता की आदतों को प्रोत्साहित करने तथा स्वस्थ एवं स्वच्छ विद्यालय परिसर विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान एवं स्वच्छता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध होगी।








