निःस्वार्थ भाव से महादेव घाट में श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के लिए कर रहे जागरूक
रायपुर। स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ की टीम द्वारा समय-समय पर महादेव घाट रायपुर में स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाता है। इसी दौरान समिति के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल की नजर स्वेच्छा से स्वच्छता कार्य में जुटे एक व्यक्ति पर पड़ी। उन्होंने उनके पास जाकर पूछा कि क्या वे यहां के स्वच्छता कर्मचारी हैं। इस पर उन्होंने बताया कि वे स्वच्छता कर्मचारी तो हैं, लेकिन यहां के नहीं हैं। वे अपने कार्य से समय निकालकर स्वेच्छा से महादेव घाट में श्रमदान करते हैं।
उन्होंने बताया कि एनीकट पर अक्सर जलकुंभी और कचरा अटक जाता है, जिसे वे स्वयं वहां जाकर बाहर निकालते हैं। उनके इस निःस्वार्थ सेवा भाव से प्रभावित होकर नवनीत कुमार हरदेल ने उन्हें स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ के कार्यों की जानकारी दी। इस पर शंकर गुंडे ने समिति के सदस्य के रूप में स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान में योगदान देने की इच्छा जाहिर की।
अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि पहले उनके कार्यों का अवलोकन किया जाएगा, इसके बाद उनके योगदान के आधार पर सम्मानित कर समिति में शामिल किया जाएगा। समिति द्वारा शंकर गुंडे एवं उनके साथियों के स्वच्छता कार्यों की सतत निगरानी की गई, जिसमें उनका कार्य और सेवा भाव सराहनीय पाया गया।
इसके बाद उनके निःस्वार्थ सेवा भाव एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान में योगदान के लिए स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ की ओर से अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
स्वच्छता के लिए लोगों से की अपील
इस अवसर पर रायपुर प्रभारी जन्मेजय गुप्ता ने हाथ जोड़कर आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिस प्रकार शंकर गुंडे अपनी स्वेच्छा से स्वच्छता कार्य कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं, उसी प्रकार सभी नागरिक भी नदी, तालाब, मंदिर एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कचरा इधर-उधर न फेंकें और उसे डस्टबिन अथवा निर्धारित स्थान पर ही डालें।
कार्यक्रम में संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल, संयुक्त सचिव सुरेन्द्र कुमार, रायपुर प्रभारी जन्मेजय गुप्ता, शंकर गुंडे, सुशील बंजारे, गोपाल नायक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









Leave a Reply