रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब छत्तीसगढ़ करेगा सम्मानित, छग गौमाता महासंघ ने दी बधाई
कवर्धा। समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रहे कवर्धा जिले के जनसेवक एवं नयी चमक रक्तदान एवं जनकल्याण समिति के संस्थापक एवं जिलाध्यक्ष श्री हरीश साहू को 12 फरवरी 2026 को राज्यस्तरीय सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब छत्तीसगढ़ द्वारा कर्मा भवन, सुपेला (भिलाई) में आयोजित राज्यस्तरीय सम्मान समारोह में प्रदान किया जाएगा।
रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब छत्तीसगढ़ द्वारा राज्यभर से चयनित समाजसेवी संस्थाओं एवं जनसेवकों को सम्मानित किया जा रहा है। इसी क्रम में कवर्धा जिले से हरीश साहू एवं उनकी संस्था का चयन किया गया है। श्री साहू ने जिले में रक्तदान, गौसेवा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। वे लंबे समय से सरल, सहज और सेवा भाव के साथ जरूरतमंदों की सहायता करते आ रहे हैं।
राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक मिल चुका है सम्मान
जानकारी के अनुसार, लगभग चार माह पूर्व श्री हरीश साहू को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्हें राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
छत्तीसगढ़ पशुधन विकास विभाग में कार्य-आधारित मानदेय पर कार्यरत छग गौमाता महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री चंद्रशेखर सिंह राजपूत ने बताया कि श्री साहू अपने कार्य को सदैव प्राथमिकता देते हैं और गौमाता की सेवा में भी निरंतर सक्रिय हैं। वर्तमान में वे प्रदेश स्तर की संघ में संगठन मंत्री के रूप में भी सेवाएँ दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों से श्री हरीश साहू एवं उनकी टीम समाजसेवा में निरंतर सक्रिय है। उनकी मेहनत और समर्पण से नयी चमक रक्तदान एवं जनकल्याण समिति ने अपने सेवा के 10 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिए हैं। संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों को देखते हुए उन्हें पुनः राज्यस्तरीय सम्मान के लिए चयनित किया गया है।
छग गौमाता महासंघ ने दी बधाई
इस अवसर पर छग गौमाता महासंघ की ओर से श्री हरीश साहू को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं। बधाई देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश सिन्हा, सचिव श्री पुष्पकांत शर्मा, कोषाध्यक्ष श्री धर्मेश अटनागर, जिला अध्यक्ष कवर्धा श्री बद्री साहू सहित महासंघ के अन्य पदाधिकारी एवं साथी उपस्थित रहे।
