दो अलग-अलग कार्रवाई में दो कबाड़ी संचालकों पर पुलिस का शिकंजा, वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर की गई कार्रवाई
बालोद। बालोद पुलिस ने अवैध कबाड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में करीब 2 लाख 13 हजार रुपये मूल्य का अवैध कबाड़ जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध रूप से कबाड़ का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कबाड़ी कारोबार पर आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एसपी के निर्देशन में चला अभियान
पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी विनय कुमार साहू के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में अवैध कबाड़ी कारोबारियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दो स्थानों पर दबिश देकर भारी मात्रा में संदिग्ध कबाड़ बरामद किया गया।
बघमरा बायपास में 1.18 लाख रुपये का कबाड़ जब्त

पहली कार्रवाई में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बघमरा बायपास रोड स्थित एक कबाड़ी दुकान पर छापा मारा। यहां नजीमुद्दीन (40 वर्ष), निवासी रिसाईपारा, धमतरी पुराने वाहनों को खरीदकर गैस कटर से उनके पार्ट्स काटकर अलग-अलग कर बेचने का काम करते हुए मिला।
तलाशी के दौरान दुकान से 2,070 किलोग्राम लोहे के वाहन पार्ट्स तथा 15 पुराने कार एवं ट्रक के टायर बरामद किए गए। धारा 94 बीएनएसएस के तहत वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का नोटिस देने के बावजूद संचालक कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने 1,18,500 रुपये मूल्य का कबाड़ जब्त कर कार्रवाई की।
हीरापुर चौक के पास दूसरी कार्रवाई, 94,500 रुपये का माल बरामद
दूसरे मामले में पुलिस ने हीरापुर चौक, दुर्ग रोड स्थित कबाड़ी दुकान पर छापा मारकर समिरूद्दीन (46 वर्ष), निवासी रिसाईपारा, धमतरी के कब्जे से 1,650 किलोग्राम लोहे के वाहन पार्ट्स और 15 पुराने कार एवं मैजिक वैन के टायर बरामद किए।
कबाड़ी संचालक भी बरामद सामान के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने 94,500 रुपये मूल्य का कबाड़ जब्त कर कार्रवाई की।
दोनों के खिलाफ इस्तगासा तैयार
पुलिस ने दोनों मामलों में धारा 106 बीएनएसएस के तहत 02 अगस्त 2026 को इस्तगासा तैयार किया है। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए वाहन पार्ट्स और अन्य सामग्री चोरी की संपत्ति होने की आशंका के चलते आगे जांच की जा रही है।
कार्रवाई में इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, उपनिरीक्षक कमला यादव, सहायक उपनिरीक्षक गौकरण भंडारी, सहायक उपनिरीक्षक देवकुमार कोर्राम, प्रधान आरक्षक योगेश सिन्हा, दुर्योधन सिंह यादव तथा आरक्षक चुलेन्द्र कुर्रे, बनवाली साहू, उमाशंकर सिन्हा एवं संजय सोनी की सराहनीय भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध कबाड़ी कारोबार, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












